झींकपानी: टोंटो थाना क्षेत्र के तालाबुरु गांव में गुरुवार दिनदहाड़े चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर घर में रखे हजारों रुपये मूल्य के सोने के गहने और पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने टोंटो थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.
जानकारी के अनुसार, तालाबुरु निवासी परमेश्वर हासदा अपने बच्चों की पढ़ाई के कारण चाईबासा में रहते हैं. गांव स्थित घर में उनकी पत्नी पालो हासदा अकेली रहती हैं. गुरुवार को पालो हासदा घर में ताला लगाकर धान रोपाई के लिए खेत गयी थीं. इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे हजारों रुपये के सोने के आभूषण तथा पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. खेत से लौटने पर पालो हासदा ने घर का मुख्य ताला टूटा देखा. अंदर जाने पर बक्से का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद उन्होंने गांव के मुंडा को घटना की जानकारी दी और टोंटो थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया.
