गुवा: बड़ाजामदा में आदिवासी छात्रा से कथित छेड़खानी और स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियार से हमले के मामले को भाजपा ने गंभीरता से लिया है. झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई मंगलवार को बड़ाजामदा पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.
बताया गया कि विगत दिनों अमन लॉज में किराये पर रह रहे कुछ युवकों पर एक आदिवासी छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगा. स्थानीय युवाओं ने इसका विरोध किया. आरोप है कि विरोध से नाराज युवकों ने सुनियोजित तरीके से धारदार हथियारों से स्थानीय युवाओं पर हमला कर दिया. घटना में कई युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों का इलाज टीएमएच नोवामुंडी अस्पताल में चल रहा है.
अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
बड़ाजामदा पहुंचने के बाद बड़कुंवर गागराई नोवामुंडी अस्पताल पहुंचे और घायल युवाओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. उन्होंने घटना की जानकारी भी ली.
गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
बड़कुंवर गागराई ने चेतावनी दी कि यदि मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा जोरदार आंदोलन करेगी. उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में इसकी पूरी जवाबदेही पुलिस प्रशासन की होगी.
इस दौरान भाजपा सारंडा मंडल अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़, भाजपा नेता अजीत सिंह, राय भूमिज, राजा तिर्की, संजीव राय, अशोक पान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.
