बैंक गए तो लौटना पड़ेगा खाली हाथ! चाईबासा में 2000 करोड़ का लेन-देन प्रभावित.. जानें पूरी खबर

पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, पीएलआइ की विसंगतियों को दूर करने समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल रही.

चाईबासा: पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, पीएलआइ की विसंगतियों को दूर करने समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल रही. हड़ताल के कारण चाईबासा की सभी बैंक शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप रहा. बैंक कर्मचारियों के संगठन के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक दिन में करीब 2000 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन प्रभावित हुआ. बैंकों के बंद रहने से ग्राहकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

बैंक ऑफ इंडिया शाखा से निकाला जुलूस

हड़ताल के दौरान विभिन्न बैंकों के कर्मचारी बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के समीप एकत्रित हुए. यहां से सभी कर्मचारी जुलूस की शक्ल में चाईबासा पोस्ट ऑफिस पहुंचे. इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की. सभी बैंक शाखाओं के कर्मियों ने लंबित मांगों को तत्काल लागू करने की मांग की. प्रदर्शन में जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं के कर्मचारी शामिल हुए.

नकदी जमा-निकासी से लेकर चेक निपटान तक प्रभावित

हड़ताल के कारण बैंकों में सामान्य कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा. नकदी जमा करने और निकालने, चेक निपटान, सावधि जमा (एफडी) योजनाओं के नवीनीकरण समेत कई बैंकिंग सेवाएं बंद रहीं. इसके अलावा सरकारी खजाने से जुड़े काम और अन्य आर्थिक गतिविधियों पर भी हड़ताल का असर पड़ा. बैंक बंद रहने से जरूरी बैंकिंग कार्य कराने पहुंचे ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा. कई ग्राहकों को अपने काम के लिए अगले कार्य दिवस का इंतजार करना होगा.

सात यूनियनों के कर्मचारी हड़ताल में शामिल

बैंक यूनियन के पदाधिकारी राम प्रकाश माडी ने बताया कि जिले की सभी बैंक शाखाओं के कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ यूनियनर्स के बैनर तले सातों यूनियनों के बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक पहल की जानी चाहिए. उन्होंने बताया कि हड़ताल के कारण पश्चिमी सिंहभूम में 2000 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन पर असर पड़ा है. शनिवार को दूसरा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे. इसके बाद रविवार और सोमवार को गणेश चतुर्थी की छुट्टी है. ऐसे में बैंक लगातार चार दिनों तक बंद रहेंगे, जिससे ग्राहकों को अपनी बैंकिंग जरूरतों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bhagirathi Mahato

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >