चाईबासा: चाईबासा स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष बृजेश पांडे के पुत्र आयुष्मान ने यूजीसी नेट जेआरएफ की जारी परीक्षाफल सूची में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है. कंप्यूटर साइंस विषय में आयुष्मान ने 99.99 परसेंटाइल हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है.
यूजीसी नेट जेआरएफ के लिए निर्धारित क्वालीफाइंग मार्क्स 214 और पीएचडी के लिए 180 अंक बताये गये हैं. आयुष्मान ने परीक्षा में 248 अंक हासिल किये. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मेधा का परिचय दिया है. परीक्षा परिणाम में उनका बेहतर प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है.
एनआइटी जमशेदपुर से की कंप्यूटर साइंस में बीटेक
आयुष्मान ने वर्ष 2025 में एनआइटी जमशेदपुर से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई पूरी की. बीटेक में उनका सीजीपीए 85.68 रहा. पढ़ाई के दौरान भी वह अकादमिक गतिविधियों के प्रति गंभीर रहे. तकनीकी क्षेत्र में रुचि रखने वाले आयुष्मान ने शिक्षा के साथ अपने करियर को भी आगे बढ़ाया.
वर्तमान में वह हैदराबाद स्थित अपटूम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एआइ मशीन टूल्स एसोसिएट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं. नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की.
पिता बोले- शुरू से पढ़ाई के प्रति गंभीर रहा है आयुष्मान
आयुष्मान के पिता बृजेश पांडे ने बताया कि उनका बेटा प्रारंभ से ही अध्ययन के प्रति बेहद गंभीर रहा है. वह लक्ष्य निर्धारित कर लगातार मेहनत करता रहा है. यूजीसी नेट जेआरएफ में बेहतर प्रदर्शन उसके परिश्रम और लगन का परिणाम है.
उन्होंने कहा कि आयुष्मान ने पढ़ाई और नौकरी के बीच समय का बेहतर प्रबंधन करते हुए परीक्षा की तैयारी की. राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान हासिल करना परिवार के लिए गौरव की बात है. आयुष्मान की सफलता पर परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है.
