Chaibasa News : रात के अंधेरे में गांव में घुसे 17 हाथी, धान की फसल रौंदी

जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सोसोपी तेंतोड़ीपोसी गांव में 17 हाथियों के झुंड ने घुसकर धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है.

जगन्नाथपुर.

जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सोसोपी तेंतोड़ीपोसी गांव में 17 हाथियों के झुंड ने घुसकर धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है. हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों की कड़ी मेहनत से तैयार फसल बर्बाद हो गयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर रात गांव में हाथियों का झुंड घुस आया है. झुंड ने खेतों में लगी धान की फसल को रौंदना शुरू कर दिया.

दो हाथी झुंड से बिछड़ गये

हाथियों के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकजुट हुए और शोर मचाकर हाथियों को जंगल की ओर भगाने का प्रयास किया. ग्रामीणों की सक्रियता के बाद, हाथियों का लगभग पूरा झुंड (करीब 15 हाथी) तो जंगल की ओर भाग गये. परंतु दो हाथी झुंड से बिछड़ गये. ये दोनों बिछड़े हुए हाथी पुनः रविवार शाम को गांव के पास के खेतों में लौट आये और एक बार फिर से धान की फसल को नष्ट करना शुरू कर दिया. घटना में कई किसानों की फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गयी हैं. जिन किसानों की फसल को हाथियों ने बर्बाद किया है, उनमें प्रमुख रूप से पूर्णचंद्र सिंकू, दिनेश केराई, कांडे केराई, हरिश केराई और चंद्रमोहन केराई शामिल हैं. हाथियों द्वारा फसलों के विनाश से इन कृषकों को भारी आर्थिक क्षति हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKASH

AKASH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >