मझगांव. मझगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल वृद्ध के परिजन जल्दबाजी में घर खुला छोड़कर अस्पताल चले गये. इस बीच चोरों ने घर से करीब 10 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण और 2 लाख 77 हजार 500 रुपये नकद चोरी कर ली. दूसरी तरफ घायल वृद्ध मोहम्मद इस्माइल (65) की अस्पताल में मौत हो गयी. शोक संतप्त परिवार वाले घर लौटे, तो चोरी की जानकारी हुई. घटनाक्रम के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब 6:00 बजे मझगांव-कुमारडुंगी मुख्य सड़क पर दिलदार चौक के पास अज्ञात बाइक सवार ने मोहम्मद इस्माइल को धक्का मार दिया. हादसे में गंभीर रूप से घायल इस्माइल को देखने के लिए परिवार के सभी सदस्य आनन-फानन में अस्पताल की ओर भागे. इसी आपाधापी में घर खुला रह गया, जिसका लाभ उठाकर चोरों ने भीतर प्रवेश किया.
नियोजित चोरी की आशंका, कैंची बरामद :
पीड़ित मोहम्मद रुस्तम के अनुसार, चोरी काफी पेशेवर तरीके से की गयी है. चोरों ने अलमारी को छुये बिना सीधे पलंग के बॉक्स को निशाना बनाया, जहां जेवरात और नकदी रखी थी. घटनास्थल पर एक कैंची भी बरामद हुई है, जो संभवतः चोरी में प्रयुक्त की गयी थी. दूसरी ओर, घायल मोहम्मद इस्माइल को बेहतर इलाज के लिए ओडिशा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बीडीओ व थाना प्रभारी पहुंचे, जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन
बुजुर्ग की मौत और लाखों की चोरी की खबर से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया. स्थिति को देखते हुए मझगांव बीडीओ विजय रंजन तिर्की, थाना प्रभारी धीरज कुमार यादव और कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और मामले को शांत कराया. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है. उन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के उद्भेदन का आश्वासन दिया है.
चाईबासा : बाइक के धक्के से साइकिल सवार अधेड़ की मौत
चाईबासा. मुफ्फसिल थाना अंतर्गत डांगुरपी गांव के पास मंगलवार की देर शाम तेज रफ्तार बाइक के धक्के से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान मुफस्सिल के डांगुरपी गांव निवासी गोनो सिंह कुंटिया के रूप में हुई है. उन्हें सिर पर गंभीर चोटें आयी थी. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार, मृतक सब्जी बेचकर साइकिल धकेलते हुए डांगुरपी अपने घर जा रहा था. इसी दौरान गांव पहुंचने से पहले ही रास्ते में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें पीछे से धक्के मार दिया. लोगों ने बताया कि बाइक पर तीन युवक सवार थे. ग्रामीणों ने बाइक सवार को पकड़ लिया है. बाइक सवार क्षेत्र के संकोसाई गांव का रहने वाला बताया जा रहा है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.