Bokaro News : पिता की अस्थि विसर्जित करने जा रहे पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत

Bokaro News : पिंड्राजोरा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी.

पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में कुरा मोड़ वीरटांड़ एनएच 32 के समीप सोमवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कुरमा गांव निवासी हरिपद मोदी (45 वर्ष) की मौत हो गयी. हरिपद मोदी के पिता जगतु मोदी की माैत चार दिन पहले हो गयी थी. वह अस्थि विसर्जन के लिए अपने छोटे भाई विकास मोदी व पुरोहित शैलेश पांडे के साथ दामोदर नदी जा रहा था. कुरा मोड़ बीरटांड़ के समीप पैदल रोड पार करने के क्रम में अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर ही हरिपद मोदी की मौत हो गयी. शैलेश पांडे को भी मामूली चोट लगी है, जिसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया.

आक्रोशित लोगों ने किया रोड जाम

इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने सरकारी मुआवजा की मांग को लेकर मुख्य पथ को जाम कर दिया. पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग सीओ या एसडीओ को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. पिंड्राजोरा थाना प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन ने मृतक के परिजन को आवास व पेंशन दिलाने का मौखिक आश्वासन दिया. इस पर लगभग एक घंटे बाद जाम हटा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. थाना प्रभारी यह भी आश्वासन दिया गया कि सीसीटीवी कैमराें की फुटेज से धक्का मारने वाली गाड़ी को पकड़ा जायेगा और बीमा राशि दिलायी जायेगी. यदि गाड़ी की पहचान नहीं हो पाती है तो हिट एंड रन के तहत सरकारी मुआवजा का दावा किया जायेगा. मौके पर पुलिस पदाधिकारी धीरज उरांव, अनिल सिंह, अनिल यादव, उप मुखिया सुजीत बाउरी, भाजपा नेता हरिपद गोप, रघुनाथ टुडू, विभीषण सिंह चौधरी, जेएमएम नेता अताउद्दीन अंसारी, संजय लाल महतो सहित मृतक के परिजन उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >