Bokaro News : हवाई अड्डा को लेकर आंदोलन की चेतावनी

‍Bokaro News : बोकारो हवाई अड्डा बचाव समिति की ओर से दो मई को प्रदर्शन किया जायेगा.

बोकारो हवाई अड्डा से विमान सेवा शुरू करने की मांग को लेकर बोकारो हवाई अड्डा बचाव समिति की ओर से दो मई को हवाई अड्डा के समक्ष प्रदर्शन किया जायेगा. समिति के संरक्षक मंजूर अंसारी ने बुधवार को बोकारो परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में यह बात कही. कहा कि वर्षों से बार-बार तारीख घोषित की गयी, लेकिन विमान सेवा शुरू नहीं की गयी. यह बोकारो की जनता के साथ धोखा है. केंद्र सरकार व बोकारो प्रबंधन के शिथिल रवैये के कारण यह हाल है. वर्तमान में मामला डीजीसीए के लाइसेंस की प्रक्रिया में जानबूझकर लटकाया गया है. राज्य सरकार की ओर से उपायुक्त बोकारो व संबंधित अधिकारी को दिशा निर्देश दिया जा चुका है.

कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो सड़क से सदन तक आंदोलन करेंगे. समिति बोकारो के सभी जनप्रतिनिधियों व आमजनों से अनुरोध करती है कि दलगत भावना से ऊपर उठ कर आंदोलन में सहभागिता निभायें. मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश प्रसाद गुप्ता, जितेंद्र कुमार यादव, बारिक मुखिया, कमरुल हसन, मंजूर आलम, हाजी मालिक अंसारी, हाजी अरमान शाह, शिबू यादव, अजय शर्मा, अनीस अंसारी, अयूब अंसारी, राम यादव, हसनुल्लाह अंसारी आदि मौजूद थे.

बोकारो हवाई अड्डा राजनीति का अड्डा नहीं बने : धर्मवीर

राष्ट्र भक्त समाज व श्री करणी सेना की बैठक बुधवार को दुंदीबाग बाजार स्थित कार्यालय में हुई. प्रदेश अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने कहा कि बोकारो हवाई अड्डा को राजनीति का अड्डा नहीं बनने दिया जाये. बोकारो हवाई अड्डा से विमान सेवा शुरू होने से बोकारो के 100 किमी के दायरे में आने वाले क्षेत्र की जनता का समग्र विकास होगा. साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक व राजनीतिक दृष्टिकोण से जनता को लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि दुंदीबाग बाजार की मुर्गा-मीट दुकानें हट गयी हैं और बिना दुंदीबाग बाजार को हटाये भी हवाई अड्डा का परिचालन शुरू हो सकता है. बैठक में प्रदेश महामंत्री गोपाल सिंह, प्रदेश युवा अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, अखिलेश सिंह, संतोष राज सिंह, शरमा सिंह, देव सिंह, ब्रजेश सिंह, सागर सिंह, शंभू कुमार, छोटू लोहार, पिंटू मंडल, सौरव कुमार आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

JANAK SINGH CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >