कसमार प्रखंड के ओरमो स्थित देव ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में महिला सशक्तीकरण पर दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. देव इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग साइंसेज एवं देव इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी साइंसेज के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं ने पोस्टर, रंगोली एवं विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
प्रतिभागी छात्राओं में दिखा उत्साह
महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिमा एवं विनिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं रंगोली प्रतियोगिता में संजना एवं संजना की जोड़ी प्रथम, मनीषा एवं विनिता द्वितीय तथा प्रतिमा एवं विनिता तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया.
आधी आबादी के लिए शिक्षा व स्वावलंबन जरूरी
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या डॉ कुमारी हेंब्रम ने छात्राओं को महिला सशक्तीकरण के महत्व से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है. आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर महिलाएं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं.
महिला सशक्तीकरण की दिशा में कार्यक्रमों की उपयोगिता
मुख्य अतिथि के रूप में मनोज करमाली, समिति अध्यक्ष विजय करमाली तथा जेएमएम जिलाध्यक्ष संतोष कुमार समेत अन्य अतिथि मौजूद थे. अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए महिला सशक्तीकरण की दिशा में ऐसे कार्यक्रमों को उपयोगी बताया. आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है. मौके पर संस्थान के शिक्षक, कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद थीं.
