बोकारो: बोकारो जिले में यातायात नियमों की लगातार हो रही अनदेखी पर यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. एक से 22 जुलाई तक चलाये गये विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान 4889 वाहनों को यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया. इन सभी वाहनों का चालान काटते हुए यातायात विभाग ने कुल 63 लाख 14 हजार 300 रुपये जुर्माना वसूला है.
जिले में जुर्माना वसूली के मामले में लगातार नया रिकॉर्ड बनता जा रहा है. यातायात पुलिस के अनुसार अधिकांश चालान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने के मामलों में काटे गये हैं.
नियम तोड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई
यातायात डीएसपी अजय प्रसाद के नेतृत्व में जिलेभर में प्रतिदिन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. यदि आप दोपहिया या चारपहिया वाहन लेकर घर से निकल रहे हैं और बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग या बिना सीट बेल्ट के सफर कर रहे हैं, तो सतर्क हो जाइये. शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस पॉश मशीन के साथ तैनात है.
नियमों का उल्लंघन करते पाये जाने पर मौके पर ही चालान काटा जा रहा है. यातायात पुलिस के रोकने के बावजूद वाहन लेकर आगे निकल जाने पर भी कार्रवाई से बचना संभव नहीं है. ऐसे मामलों में वाहन का ई-चालान जारी कर जुर्माने का संदेश सीधे वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर भेजा जा रहा है.
इस संबंध में नयामोड़ स्थित यातायात थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक का फर्ज है. नाबालिग को किसी हाल में वाहन ना चलाने दें.
कोटहर थाना को वाहन जांच का सख्त निर्देश दिया गया है. सभी स्कूलों के आसपास छुट्टी के वक्त जांच अभियान चलाया जा रहा है. पहले वार्निंग दी जा रही है. इसके बाद कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. कानून तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं है.
