Bokaro News : तीन यूनियनों को मिला कर बनायी गयी थी यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन

Bokaro News : यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन का 88वां स्थापना दिवस चार जनवरी को है.

देश के पहले मजदूर संगठन एटक से संबद्ध यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (यूसीडब्ल्यूयू) का 88वां स्थापना दिवस चार जनवरी (रविवार) को है. इसका पंजीकरण चार जनवरी 1939 को बिहार राज्य से हुआ था. पहले इसका नाम कोल वर्कर्स यूनियन था और मुख्यालय गिरिडीह में था. इस यूनियन का गठन शरत पटनायक, कृपा सिंधु कुटिया, डालो चौधरी, बैजनाथ लहरी व अलीजान मियां के नेतृत्व में किया गया था. पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री स्व चतुरानन मिश्र, कल्याण राय, स्व शफीक खान, स्व. अरुण कुमार, सुनील मुखर्जी, महेंद्र भारती, चिन्मय मुखर्जी, ललित बर्मन, निमलेंदु भट्टाचार्य, कृष्णचंद्र चौधरी, रवींद्र कुमार जैसे नेताओं ने इसकी नींव मजबूत की. यूनियन के कई सदस्य व नेता आजादी की लड़ाई में भी शामिल हुए. वर्ष 1972 से पहले एटक से संबद्ध तीन यूनियनें थीं. इसमें एक बिहार कोयला मजदूर सभा थी. इसके नेता चिन्मय मुखर्जी, ललित बर्मन, विनोद बिहारी महतो, अनंत शर्मा, नीमलेंदु भट्टाचार्य, सेन मित्र आदि थे. दूसरी यूनियन क्रांतिकारी कोयला मजदूर यूनियन थी, इसके नेता एसके राय, देवनंदन यादव आदि थे. तीसरी यूनियन कोल वर्कर्स यूनियन थी. इन यूनियनों को मिलाकर यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन बनायी गयी थी. वर्ष 1971 में एटक ने बेंगलुरु अधिवेशन में यह निर्णय लिया कि एक उद्योग में एटक से संबद्ध एक ही यूनियन रहेगी. इसलिए धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, रांची जिले में कार्यरत एटक से संबद्ध सभी यूनियनों को मिला दिया जाये. यूनियनों का एकीकरण धनबाद में ही हुआ था. वर्ष 1972 में छह से आठ दिसंबर तक धनबाद के झरिया क्षेत्र में हुए यूनियन के पहले सम्मेलन में एटक के तत्कालीन अध्यक्ष श्रीपद अमृत डांगे ने शिरकत की थी. इस सम्मेलन में एमएलसी कृष्णचंद्र चौधरी को यूनियन का महासचिव तथा तत्कालीन विधायक चतुरानन मिश्र को अध्यक्ष चुना गया था.

जेबीसीसीआइ में हैं यूनियन के चार सदस्य

यूसीडब्ल्यूयू मुख्यतः कोल इंडिया के सीसीएल, बीसीसीएल व इसीएल में ही कार्यरत है. वर्तमान में उक्त तीनों कंपनियों में यूनियन की सदस्य संख्या 18-20 हजार के करीब है. सीसीएल के कथारा, बीएंडके व ढोरी एरिया में यह संख्या लगभग 12 सौ है. कोल इंडिया के जेबीसीसीआइ में यूनियन के फिलहाल चार सदस्य हैं. रेगुलर सदस्यों में रमेंद्र कुमार और वी सीतारमैया तथा अल्टरनेट सदस्यों में लखनलाल महतो व हरिद्वार सिंह शामिल हैं. एक अन्य रेगुलर सदस्य आरसी सिंह व अल्टरनेट सदस्य अमित चक्रवर्ती का निधन हो गया. यूनियन के कई नेता वेजबोर्ड, मजूमदार अवार्ड, ट्रिब्यूनल अवार्ड में भी रह चुके हैं. कोल सेक्टर में एनसीडब्ल्यूयू एक से लेकर नौ तक में यूनियन के कई नेताओं ने शिरकत की. कोयला उद्योग के वेलफेयर बोर्ड सेफ्टी बोर्ड स्टैंडराइजेशन कमेटी में भी यूनियन के कई नेता रहे.

जारंगडीह में होगा विचार गोष्ठी का आयोजन

यूसीडब्ल्यूयू के 88वें स्थापना दिवस पर बेरमो कोयलांचल में यूनियन के सभी कार्यालयों में झंडोत्तोलन किया जायेगा और यूनियन से जुड़े दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जायेगी. जारंगडीह स्थित यूनियन के प्रधान कार्यालय होने वाले कार्यक्रम में कथारा, बीएंडके व ढोरी एरिया की सभी शाखाओं के पदाधिकारी व सदस्य शामिल होंगे. मौके पर विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया जायेगा, जिसमें चार लेबर कोड व कोल सेक्टर के बदलते स्वरूप और कोलकर्मियों की वर्तमान चुनौतियां पर चर्चा की जायेगी. मुख्य रूप से एटक के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष लखनलाल महतो के अलावा सीएस झा, सुजीत कुमार घोष आदि मौजूद रहेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >