खेत से घर लौटते वक्त अचानक बदला मौसम, कसमार में वज्रपात से महिला समेत 3 मवेशियों की गई जान

बोकारो के कसमार प्रखंड में वज्रपात की घटना में एक महिला और उसकी तीन बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई. बारिश से बचने के दौरान यह हादसा हुआ, जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. ग्रामीण प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता की मांग कर रहे हैं.

बोकारो. कसमार प्रखंड के टांगटोना गांव में शनिवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला समेत तीन बकरियों की मौत हो गयी. मृतका की पहचान टांगटोना निवासी दुखनी देवी (43) के रूप में हुई है. हादसा गांव के बेलियाटांड़ के समीप हुआ. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.

बारिश से बचने के दौरान हुआ वज्रपात

जानकारी के अनुसार, दुखनी देवी शनिवार को अपने पति दिनेश महतो के साथ बेलियाटांड़ में मकई तोड़ने गयी थीं. दोनों ने मिलकर मकई तोड़ी. इसके बाद दिनेश महतो मकई बेचने के लिए खैराचातर हाट चले गये, जबकि दुखनी देवी अपनी बकरियों को लेकर घर लौटने लगीं.

इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गयी. बारिश से बचने के लिए दुखनी देवी बेलियाटांड़ के समीप बांस के झुरमुट के पास रुक गयीं. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ वहां वज्रपात हुआ. बिजली की चपेट में आने से दुखनी देवी और उनके साथ मौजूद तीनों बकरियों की मौके पर ही मौत हो गयी. मृत बकरियों में एक खस्सी, एक बकरा और एक बकरी शामिल हैं.

पुलिस ने ली घटना की जानकारी

हादसे की सूचना मिलते ही मुखिया सुमित्रा कुमारी, उपमुखिया रामविलास महतो, पूर्व उपमुखिया विनोद महतो, अनुज महतो, प्रभात महतो, राजेश महतो समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. इसके बाद कसमार थाना पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली. रविवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराया जायेगा.

दुखनी देवी के परिवार में पति के अलावा दो पुत्र हैं. अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

ये भी पढ़ें: बोकारो-रायपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर: 15 घंटे का सफर घटकर होगा आधा, जानें कैसे बढ़ेगी रफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक सवाल

मैं दीपक सवाल, 1994 से प्रभात खबर से जुड़ा हूं। वर्ष 2011 से 2015 तक बोकारो कार्यालय में स्टॉफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत रह चुका हूं। 2015 से कसमार डेटलाइन से कार्यरत हूं। मेरा संपर्क नंबर : 9431145607

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >