भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रविवार को बोकारो पहुंचे. वह सिटी सेंटर सेक्टर चार में आयोजित अपनी मौसी शोभा रानी लाल की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए. बाद में श्री नवीन पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिले. उन्होंने कहा कि आपका उत्साह, जोश व समर्पण पार्टी की असली ताकत है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास की नयी गाथा लिखी है. चाहे उज्ज्वला हो, आयुष्मान भारत हो या धारा 370 हटाना, हमने जो कहा वो किया. अब आने वाला समय और चुनौतीपूर्ण है. भाजपा अध्यक्ष ने पत्रकारों से कहा कि विपक्ष झूठ और भ्रम फैला कर जनता को गुमराह करना चाहता है, लेकिन हमारे पास सेवा, सुशासन और राष्ट्रवाद की ताकत है. कहा कि वर्ष 2029 का चुनाव हमारे लिए सिर्फ सरकार बनाने का नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का चुनाव है.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मौसी का दी श्रद्धांजलि
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिटी सेंटर सेक्टर चार में अपनी मौसी शोभा रानी लाल की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए. आयोजन चित्रगुप्त महापरिवार बोकारो जिला की ओर से किया गया था. स्व शोभा रानी लाल महापरिवार के महासचिव भैया प्रीतम की मां थीं. नितिन नबीन रांची से सड़क मार्ग से बोकारो पहुंचे और सीधे श्रद्धांजलि सभा स्थल जाकर मौसी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये. इस दौरान नितिन नबीन के साथ-साथ परिजनों की आंखें भी नम हो गयीं. कुछ पुरानी यादें व बातें ताजा हो गयीं. नितिन नबीन ने सिटी सेंटर में मौसी के नाम वट का एक पौधा भी लगाया.
कार्यक्रम में धनबाद विधायक राज सिन्हा, बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन, चित्रगुप्त महापरिवार बोकारो जिला के मुख्य सलाहकार अरुण सिन्हा, अध्यक्ष रमण सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष रतन लाल व संजय सिन्हा, संयुक्त महासचिव ललेश सिन्हा व अनूप सिन्हा, सह कोषाध्यक्ष राज श्रीवास्तव, वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र सिन्हा, ललित सिन्हा, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, ललित वर्मा, ओंकार सिंहा, राजेश सहाय, राजेश श्रीवास्तव के अलावा कथारा, करगली, तेनुघाट, पेटरवार, रामगढ़, धनबाद, चंद्रपुरा, बोकारो थर्मल, गोमिया से सदस्य शामिल हुए.