गोमिया प्रखंड का स्वांग निवासी भुनेश्वर यादव हजारी रेलवे साइडिंग के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना उस समय हुई, जब वह रेलवे क्रॉसिंग के पास पटरी पार कर रहा था.
मालगाड़ी के अंदर से पटरी पार कर रहा था
भुनेश्वर यादव ने बताया कि मालगाड़ी पटरी पर खड़ी थी. इसी कारण वे मालगाड़ी के अंदर से होकर पटरी पार करने लगे. इसी दौरान अचानक मालगाड़ी चल पड़ी और वे उसकी चपेट में आ गये. हादसे में उनके पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आयीं हैं.
घायल को तत्काल पहुंचाया गया अस्पताल
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल भुनेश्वर को संभाला और इलाज के लिए गोमिया के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हादसे की जानकारी मिलते ही उनके परिजन भी अस्पताल पहुंचे. स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे साइडिंग के समीप पटरी पार करने के दौरान अक्सर लोग जोखिम उठाते हैं. मालगाड़ी के अचानक चलने से हादसा हुआ.
परिजनों में घायल को लेकर चिंता
घटना के बाद घायल भुनेश्वर यादव का अस्पताल में इलाज कराया गया. उनकी स्थिति को लेकर चिकित्सकों ने जांच के बाद आवश्यक उपचार शुरू किया. परिजन उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं.
