संवाददाता, बोकारो
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में शुक्रवार को चिन्यम विद्यालय, सेक्टर 05 में युवा प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन हुआ. कार्यशाला का विषय विकसित भारत के निर्माण में नागरिक कर्तव्य व स्व के मंत्र की भूमिका रहा. बतौर मुख्य वक्ता में आरएसएस के प्रांत संपर्क प्रमुख राजीव कमल बिट्टू ने कहा : भारत को विकसित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी युवाओं की है. जीवन में सफलता के साथ सार्थकता बहुत जरूरी है. उन्होंने कहा : खुद के ''स्व'' से दूर भारत के ''स्व'' पर जोर देना चाहिए.
वेद-पुराण से जुड़ी है भारत की विकास यात्रा
आरएसएस के प्रांत संपर्क प्रमुख ने कहा : आधुनिकता के साथ संस्कृति व सभ्यता को बचाकर रखना जरूरी है. भारत के विकास की यात्रा वेदों एवं पुराणों से ही जुड़ी हुई है. शिक्षक अभिनव बर्मन ने सभी को मूल कर्तव्य की प्रतिज्ञा दिलायी. भारत को विकसित बनाने व ऊपर उठकर राष्ट्र के हित की चिंता करें. संचालन सुब्रता गुप्ता व मीनाक्षी कुमारी ने किया.
विद्यार्थियों ने भी रखें विचार
कार्यशाला की शुरुआत में विद्यार्थियों ने मुख्य विषय से संबंधित भाषण प्रस्तुत किया. आर्या चौधरी, पिया आनंद, अनवी व दिव्या कुमारी ने विचार प्रस्तुत किया. विद्यार्थियों ने मुख्य रूप से विकसित भारत के विषय पर चर्चा की. मौके पर आरएसएस बोकारो महानगर के कार्यवाह रतन लाल महतो व बोकारो प्रचारक सुधीर कुमार समेत विद्यालय सचिव महेश त्रिपाठी, प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप प्राचार्य नरमेंद्र कुमार, उप प्राचार्य डॉ रोशन शर्मा व अन्य मौजूद थे.
