जिले के सरकारी विद्यालयों में बच्चों की बुनियादी दक्षता और विद्यालयों की शैक्षणिक स्थिति का आकलन करने के लिए ‘मेरा विद्यालय निपुण एवं मैं भी निपुण’ कार्यक्रम के तहत मूल्यांकन शुरू होगा. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेइपीसी) के निर्देश पर यह मूल्यांकन छह चरणों में 24 अगस्त से 19 दिसंबर तक कराया जायेगा. पहले चरण का मूल्यांकन 24 से 31 अगस्त तक होगा.
बीआरसी-सीआरसी स्तर पर होगी विशेष गुरु गोष्ठी
मूल्यांकन की तैयारी को लेकर प्रखंड और संकुल स्तर पर विशेष गुरु गोष्ठी आयोजित होगी. इसमें सभी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को मूल्यांकन की प्रक्रिया की जानकारी दी जायेगी. विभाग ने पूर्व के मूल्यांकन में अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है.
डीइओ-सह-एडीपीओ, बोकारो डॉ अतुल कुमार चौबे ने सभी प्रधानाध्यापकों, बीआरपी-सीआरपी, बीइइओ और बीपीओ को निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है. मूल्यांकन के माध्यम से विद्यालयों में बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षता की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जायेंगे.
शिक्षक करेंगे सहयोग
विद्यालयों में मूल्यांकन के लिए पहुंचने वाले मूल्यांकनकर्ताओं को शिक्षक विद्यालय और विद्यार्थियों से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करायेंगे. साथ ही मूल्यांकन कार्य के सुचारू संचालन में पूरा सहयोग करेंगे. मूल्यांकनकर्ता चाहें तो विद्यालय में उपलब्ध टैब का उपयोग भी मूल्यांकन के लिए कर सकेंगे.
