फुसरो. फुसरो के निर्मल महतो चौक के समीप रविवार को फुसरो-जैनामोड़ मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया. सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. करीब 15.900 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे.
सात से बढ़कर 10 मीटर चौड़ी होगी सड़क
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि बेहतर सड़क, बेहतर सफर और बेहतर भविष्य के संकल्प के साथ क्षेत्र में विकास कार्य किये जा रहे हैं. वर्तमान में फुसरो-जैनामोड़ सड़क की चौड़ाई करीब सात मीटर है, जिसे बढ़ाकर 10 मीटर किया जायेगा. सड़क के दोनों किनारों पर भी चौड़ीकरण का काम होगा.
ये भी पढ़ें: चापापुर ओसीपी में सीआइएसएफ कार्रवाई के बाद हंगामा, 5 घंटे तक जवानों को घेरे रहे ग्रामीण
उन्होंने कहा कि सड़क के सुदृढ़ीकरण से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी. वहीं, फुसरो और आसपास के क्षेत्र की व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी.
एक वर्ष में पूरा होगा निर्माण कार्य
सांसद ने कहा कि बेरमो की जनता को वर्षों से इस सड़क की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का इंतजार था. सड़क बनने से बोकारो आने-जाने में लोगों के समय की बचत होगी. उन्होंने कहा कि टेंडर होने के करीब आठ महीने बाद इसे खोला गया. अब निर्माण कार्य एक वर्ष के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
अनियमितता मिली तो होगी कार्रवाई
सांसद ने कहा कि विकास का संकल्प और जनहित का प्रयास ही प्राथमिकता है. सड़क निर्माण में किसी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने लोगों से निर्माण कार्य में गड़बड़ी मिलने पर इसकी सूचना देने की अपील की. सूचना मिलने पर निरीक्षण कर संबंधित कमी को दुरुस्त कराने का प्रयास किया जायेगा.
ये भी पढ़ें: धनबाद एसएनएमएमसीएच जाने वाले दें ध्यान: 98 लाख से बन रही मुख्य सड़क, दो दिन के लिए बदला प्रवेश मार्ग
मौके पर काशीनाथ सिंह, महेंद्र चौधरी, संतोष महतो, धनेश्वर महतो, वार्ड पार्षद अर्चना सिंह, रश्मि सिंह, रमेश स्वर्णकार, दीपक महतो, शिवलाल रविदास, सूरज महतो, दिनेश यादव, सुरेश महतो, कमलेश महतो समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.
