बोकारो. चंदनकियारी के बरमसिया ओपी क्षेत्र में कोका गोप हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. मामले में नामजद आरोपी उरांवडीह निवासी भागीरथ गोप (36) और चोड़ियाभीठा निवासी भुदेव गोप (32) को पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन संबंधी विवाद की बात सामने आयी है.
बरमसिया के चढ़ियाभीठा गांव के समीप खालिस नदी किनारे झाड़ियों से गुरुवार सुबह पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया निवासी कोका गोप का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी थी.
ये भी पढ़ें: न UPI, न नया नंबर फिर भी मजदूर के बैंक खाते से 22 बार में उड़े ₹2.35 लाख, जानें बोकारो का यह हैरान करने वाला मामला
12 सितंबर से लापता था कोका
परिजनों के अनुसार, कोका गोप अपने ससुर के श्राद्धकर्म में शामिल होने 11 सितंबर को उरांवडीह स्थित ससुराल गया था. ससुर का कोई बेटा नहीं था. श्राद्ध के ब्रह्मभोज के लिए खस्सी खरीदने वह एक रिश्तेदार के साथ घर से निकला था. इसके बाद 12 सितंबर से उसका कोई पता नहीं चला.
परिजनों ने 14 सितंबर को बरमसिया ओपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी थी. परिजनों का कहना था कि कोका को अंतिम बार भुदेव गोप के साथ देखा गया था.
चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी प्राथमिकी
कोका गोप के बेटे रोहित गोप की शिकायत पर बरमसिया ओपी में चार लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. शिकायत में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया गया था. पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान भागीरथ गोप और भुदेव गोप की संलिप्तता सामने आयी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में जमीन विवाद का जिक्र : एएसपी
चास एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि पूछताछ के दौरान भागीरथ गोप ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में जमीन विवाद का जिक्र किया है. पुलिस के अनुसार, उसने भुदेव गोप की मदद से कोका गोप की हत्या करने की बात कही है. हालांकि, पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
खोजी कुत्ते और एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य
शव की स्थिति खराब होने के कारण घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद ली. एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की. पुलिस मोबाइल फोन समेत अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों की जांच कर रही है.
एएसपी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान आगे बढ़ने के बाद ही मौत के कारण तथा घटना में सभी आरोपितों की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपितों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है. कार्रवाई में बरमसिया ओपी प्रभारी शैलेंद्र पासवान सहित पुलिस टीम शामिल थी.
ये भी पढ़ें: चंदनकियारी के रांगामटिया जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी, मौत की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस
