सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र की खासमहाल परियोजना में बुधवार की अहले सुबह हुए हादसे में आरकेटी कंपनी में कार्यरत एक खलासी की मौत हो गयी. मृतक की पहचान चलकरी झुंझको निवासी करण रजवार (20) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है. मुआवजा, नियोजन और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग केंद्रीय अस्पताल ढोरी में डटे हुए हैं.
पेलोडर की चपेट में आने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परियोजना में कार्य के दौरान करण रजवार पेलोडर की चपेट में आ गया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे तत्काल सीसीएल केंद्रीय अस्पताल ढोरी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गये. उन्होंने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच, हादसे के कारणों का पता लगाने, बीमा राशि दिलाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इसके साथ ही मृतक की पत्नी को नियोजन और आश्रित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठायी गयी.
मुआवजे को लेकर बनी हुई है जिच
अस्पताल परिसर में आरकेटी कंपनी के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता जारी है. कंपनी की ओर से दो लाख रुपये मुआवजा, आश्रित को नियोजन, बीमा राशि दिलाने और कानूनी प्रक्रिया में सहयोग का आश्वासन दिया गया है. हालांकि परिजन और ग्रामीण 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं.
एक वर्ष पहले हुई थी शादी
मृतक करण रजवार की शादी लगभग एक वर्ष पहले हुई थी. उनकी पत्नी वर्तमान में पांच माह की गर्भवती है. करण तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
अस्पताल परिसर में जुटे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण
घटना के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद हैं. मौके पर मुखिया अखिलेश्वर ठाकुर, धर्मेंद्र कपरदार, आजसू नेता संतोष कुमार महतो, पंचायत समिति सदस्य इंद्रजीत मंडल, माले नेता राज केवट, कृष्ण कुमार समेत कई लोग उपस्थित हैं. वार्ता के जरिए मामले के समाधान का प्रयास जारी है.
