बोकारो जिले के कसमार प्रखंड स्थित हिसीम पहाड़ निवासी युवा छात्र बबलू कुमार महतो को 15 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के लाल किले में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है. रक्षा मंत्रालय की ओर से आमंत्रित किये जाने पर बबलू और उनके परिवार में खुशी का माहौल है.
बबलू कुमार महतो वर्तमान में साईं नाथ विश्वविद्यालय के छात्र हैं. उन्हें माय भारत की ओर से आयोजित भारत 1947 से भारत 2047 विषयक राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता में चयनित होने के बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का अवसर मिला है. रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार वे लाल किले में आयोजित मुख्य समारोह के साक्षी बनेंगे.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिखा चुके हैं प्रतिभा
बबलू इससे पहले एक अंतरराष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता में विश्व स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर चुके हैं. इसके अलावा माय भारत के बजट क्वेस्ट कार्यक्रम में करीब 12 लाख प्रतिभागियों के बीच चयनित होकर प्रधानमंत्री के साथ आयोजित वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में भी भाग ले चुके हैं.
पर्यावरण अभियानों से भी जुड़े
बबलू युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए प्राकृतिक रक्षण और अखंड भारत पर्यावरण यात्रा जैसे अभियानों से भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं. सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी लगातार रही है.
उनके चयन और लाल किले में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के निमंत्रण से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों और युवाओं ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए बबलू को बधाई दी है.
