बोकारो. गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी जयराम महतो के समर्थक रिजवान, फरजान व संजय कुमार की जमानत याचिका पर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी बोकारो बीसी समद के न्यायालय में सोमवार को सुनवाई हुई. दोनों तरफ की दलील सुनने के बाद श्री समद ने बेल मंजूर कर ली. मंगलवार को तीनों समर्थक जेल से बाहर आ सकते हैं. बचाव पक्ष से अधिवक्ता सोमनाथ शेखर ने बहस की. जमानत याचिक शनिवार को कोर्ट में फाइल की गयी थी. तीनों पर एक मई को गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी जयराम महतो को पुलिस हिरासत से भगाने व सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप है.
डीसी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से कराया अवगत
समाहरणालय सभागार में सोमवार को लोकसभा चुनाव को लेकर डीइओ सह डीसी विजया जाधव ने स्टैंडिंग कमेटी की बैठक की. डीसी ने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विभिन्न राजनीतिक दलों के लिए जारी दिशा-निर्देश से अवगत कराया. कहा कि कुल 25 उम्मीदवारों ने 53 सेट में नामांकन प्रपत्र दाखिल किया है. सात मई को संवीक्षा होगी. अभ्यर्थिता वापस लेने की तिथि नौ मई है. मतदान कर्मी व पुलिस, सुरक्षा जवान डाक मतपत्र (पोस्टल बैलेट) के माध्यम से मतदान कर रहे हैं. पार्टी प्रतिनिधि भी सुविधा केंद्रों पर जाकर मतदान कार्य का जायजा ले सकते हैं. मौके पर डीडीसी संदीप कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
