रांची से आनंद मोहन की रिपोर्ट
Jairam Mahato, बोकारो: झारखंड के कद्दावर नेता और जेएलकेएम (JLKM) प्रमुख जयराम महतो और स्थानीय प्रतिनिधियों ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक मेधावी छात्रा के भविष्य को अंधकार में डूबने से बचा लिया है. बोकारो जिले के कसमार की रहने वाली और इंटरमीडिएट की स्टेट टॉपर छोटी नायक की आगे की पढ़ाई केवल 16,000 रुपये की वार्षिक फीस न होने के कारण रुकने के कगार पर पहुंच गई थी. इस मार्मिक खबर पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जयराम महतो ने न सिर्फ छात्रा की पूरी फीस भरी, बल्कि आगे की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने का भी भरोसा दिलाया है.
अखबार में खबर पढ़ते ही कार्यकर्ताओं को दौड़ाया
जयराम महतो ने इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि सुबह अखबार के माध्यम से उन्हें पता चला कि राज्य में टॉप करने वाली बेटी छोटी नायक आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई छोड़ सकती है. खबर मिलते ही उन्होंने बिना समय गंवाए स्थानीय कार्यकर्ताओं के जरिए पीड़ित परिवार से संपर्क किया और उन्हें अपने पास बुलवाया. जयराम महतो ने अपने निजी वेतन (सैलरी) से छोटी नायक की पूरे एक साल की कॉलेज फीस की राशि का भुगतान किया, ताकि उनकी पढ़ाई बिना किसी रुकावट के जारी रह सके.
ये भी पढ़ें: फटे चक्के पर 15 किमी दौड़ी एंबुलेंस, खाली था ऑक्सीजन सिलेंडर, तड़पते मरीज की मौत
'आर्थिक तंगी से नहीं टूटने देंगे सपना': जयराम महतो
छात्रा और उसके माता-पिता से मुलाकात के दौरान जयराम महतो ने उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि भविष्य में भी उच्च शिक्षा के लिए पैसों की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि शिक्षा पर हर बच्चे का बुनियादी अधिकार है और किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के सपनों को सिर्फ इसलिए अधूरा नहीं छोड़ा जा सकता क्योंकि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. जयराम महतो के इस कदम की सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर पर काफी सराहना हो रही है.
ये भी पढ़ें: बधाइयां मिलीं लेकिन मदद नहीं: 16 हजार रुपयों के लिए जैक आर्ट्स की स्टेट टॉपर छोटी की पढ़ाई पर संकट
