बोकारो. इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती कब नजदीकियों में बदल गयी, इसका अंदाजा युवती के परिजनों को भी नहीं था. पुलिस के अनुसार, हैदराबाद निवासी युवक सोशल मीडिया पर युवती के संपर्क में आया और दोनों के बीच बातचीत होने लगी.
आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर युवती को अपने साथ ले गया. करीब तीन सप्ताह बाद कसमार पुलिस ने युवती को झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया. वहीं आरोपी दिनेश सागर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में तेनुघाट जेल भेज दिया गया.
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोनों की पहचान
कसमार पुलिस के एएसआई रोजिद आलम के अनुसार, युवती और दिनेश की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. सोशल मीडिया पर बातचीत के बाद दोनों के बीच लगातार संपर्क होने लगा. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती को अपने साथ ले जाने की योजना बनायी थी.
ये भी पढ़ें: BSL के जर्जर क्वार्टरों में रह रहे कर्मियों की परेशानी बढ़ी, संघ ने आवास और मेंटेनेंस की सुविधा मांगी
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दूसरे व्यक्ति के नाम पर सिम कार्ड लेकर हैदराबाद से कसमार पहुंचा था. पुलिस इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है.
मोबाइल रिचार्ज कराने की बात कहकर घर से निकली थी युवती
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे युवती घर से मोबाइल रिचार्ज कराने की बात कहकर निकली थी. आरोप है कि घर के बाहर मौजूद दिनेश उसे शादी का भरोसा देकर अपने साथ ले गया. पुलिस जांच के अनुसार, वह पहले युवती को रांची ले गया. इसके बाद पहचान छिपाने के लिए सिम कार्ड बदलकर उसे हैदराबाद ले जाने की कोशिश की गयी.
युवती के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. उसके पिता ने कसमार थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी. इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की.
सिम बदलने के बावजूद पुलिस पहुंची आरोपी तक
पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार सिम कार्ड बदल रहा था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना चुनौतीपूर्ण था. हालांकि तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखती रही. इसी क्रम में युवती के झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन पर होने की जानकारी पुलिस को मिली.
ये भी पढ़ें: BSL में कर्मियों ने तैयार किया इन-हाउस CDI सिस्टम, कोक की जगह पुल्वराइज्ड कोल से सालाना 100 करोड़ की बचत का अनुमान
इसके बाद पुलिस टीम ने झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई कर युवती को बरामद कर लिया. साथ ही आरोपी दिनेश सागर को भी गिरफ्तार कर लिया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
