Bokaro News: फुसरो नप के अध्यक्ष के नौ व पार्षद के 129 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज
Bokaro News: फुसरो नप चुनाव. कृषि बाजार उत्पाद समिति चास में सुबह आठ बजे शुरू होगी मतगणना
By MANOJ KUMAR | Updated at :
Bokaro News: उदय गिरि/आकाश कर्मकार, फुसरो नगर. फुसरो नप के अध्यक्ष के नौ व पार्षद के 129 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज होगा. इस चुनाव में नप क्षेत्र के 37988 मतदाताओं ने अपना मत का प्रयोग किया है. इधर, गुरुवार को जैसे-जैसे समय बीत रहा था, वैसे ही प्रत्याशियों के दिलों की धड़कनें भी तेज होती जा रही थी. कल बैलेट पेपर की गिनती के बाद ही पता चलेगा कि आखिर किसकी रणनीति काम आयी और फुसरो का अगला चेयरमैन कौन होगा ?
एक ही दिन में संपन्न करायी जायेगी मतगणना :
कृषि बाजार उत्पाद समिति चास में फुसरो नप चुनाव की मतगणना शुक्रवार की सुबह आठ बजे से शुरू होगी. जानकारी के अनुसार फुसरो नप के सभी वार्ड की मतगणना एक ही दिन में संपन्न करायी जायेगी. मतगणना में भाग लेने वाले प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं को पास निर्गत किया गया है. प्रत्याशियों को भी मतगणना को लेकर जानकारी दी गयी है. वैध-अवैध मतों की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गयी है. यहां कुल मतदान केंद्रों की संख्या 65 है. प्रत्येक मतगणना केंद्र के लिए प्रत्याशियों ने अभिकर्ता की नियुक्ति की है. ऐसे में एक-एक चेयरमैन प्रत्याशी के लिए 65 एजेंट बनाये जाने का प्रावधान है. वार्ड प्रत्याशी के लिए दो बूथों के लिए दो तथा तीन बूथों के लिए तीन अभिकर्ता नियुक्त किये गये हैं. फुसरो से काफी संख्या में लोग मतदान केंद्र पर बूथ अभिकर्ता के रूप में मतगणना केंद्र में होंगे. जिनका पास निर्गत किया गया है.
राजनीतिक दलों के साथ कई बड़े चेहरों की जुड़ी है प्रतिष्ठा :
इस चुनाव में भाजपा, कांग्रेस व झामुमो तीनों दलों ने अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों को चेयरमैन पद के लिए मैदान में उतारा था. यहां कई बड़े चेहरों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है. नप चेयरमैन पद के लिए प्रमुख राजनीतिक दलों के समर्थित प्रत्याशियों में यहां भाजपा से ममता देवी, कांग्रेस से निर्मला देवी व झामुमो से वीणा कुमारी चुनावी मैदान में हैं. वही सहोदरी देवी सहित कई अध्यक्ष के कई अन्य प्रत्याशियों ने अपने दम पर इस चुनाव का मुकाबला किया है. अपने समर्थित प्रत्याशियों के लिए तीनों राजनीतिक दलों के कद्दावर नेताओं ने फुसरो की गलियों में खूब पसीना बहाया है. ऐसे में शुक्रवार को अब जनता द्वारा मिले मत से तय होगा कि उन्होंने किस प्रत्याशी को अपना भरपूर समर्थन देकर चेयरमैन पद के लिए चुना है. कांग्रेस से बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह, कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह, भाजपा से झारखंड प्रदेश महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मंत्री अमर बाउरी, पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल के अलावा झामुमो विधायक मथुरा महतो, उमाकांत रजक, पूर्व मंत्री बेबी देवी, झामुमो नेता अखिलेश महतो उर्फ राजू जैसे नेताओं की भी राजनीतिक प्रतिष्ठा इससे जुड़ी हुई है. जिस राजनीतिक दल के समर्थित उम्मीदवार की चुनाव में जीत हासिल होती है, उनकी नप क्षेत्र में आनेवाले समय में पकड़ मजबूत होगी.
138 प्रत्याशियों में 29 के सिर सजेगा ताज :
फुसरो नप के कुल 138 प्रत्याशियों में 29 के सिर ताज सजेगा. इसमें नप अध्यक्ष के एक तथा 28 वार्ड पार्षद के प्रत्याशी चुनाव जीतकर आयेंगे. वही उपाध्यक्ष के पद का चुनाव अलग से वार्ड पार्षदों के वोटिंग के तहत होगा. कई प्रत्याशी अपने जीत को लेकर दावे कर रहे हैं तो कुछ प्रत्याशी अंदर ही अंदर खामोश भी है. चुनाव जीतकर आनेवाले प्रत्याशियों का फुसरो में जोरदार स्वागत भी होगा. दोपहर बाद से ही रुझान आने प्रारंभ हो जायेंगे.