बोकारो: एलोरा हॉस्टल स्थित टी-2/5 क्वार्टर में मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस हादसे में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त सीनियर हवलदार दर्शन कौर (75 वर्ष) का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना में दो लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।
दर्शन कौर ने बताया कि अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लगी और कुछ ही देर में घर के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग में फ्रिज, इनवर्टर, बिजली मीटर सहित अन्य घरेलू सामान जल गया। घर में रखा एक बैग भी आग की चपेट में आ गया, जिसमें 50 हजार रुपये नकद रखे थे। इसके अलावा सोने की एक चेन, कान के आभूषण और एक अंगूठी भी जलकर नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर आग बुझाए जाने से आग को आसपास के अन्य क्वार्टरों तक फैलने से रोक लिया गया।
पीड़िता के अनुसार, इस हादसे में दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में सहयोग किया। आग पर काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य हुई। घटना की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है।
