Bokaro News : प्रतिनिधि, फुसरो. बेरमो थाना क्षेत्र के फुसरो सब्जी मंडी में शुक्रवार को एक थोक सब्जी विक्रेता की झोपड़ीनुमा दुकान में अचानक आग लग गयी. देखते-ही-देखते दुकान में रखे सामान को आग ने अपनी चपेट में ले लिया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया. इसी दौरान झमाझम बारिश होती रही, जिससे लोगों आग बुझाने में काफी सहुलियत मिली. समय रहते आग बुझा ली गई, अन्यथा आसपास की दुकानों तक आग फैलने का खतरा था. हालांकि आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ी भी आयी, मगर तब तक आग पर काफी काबू पा लिया गया था. दुकान के मालिक मुकेश कुमार तर्वे ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. दुकान में कुछ खाली बोरे और प्लास्टिक के कैरेट रखे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका. आग में सभी सामान झोपड़ी सहित जलकर राख हो गये. उन्होंने बताया कि आग लगने से उन्हें काफी नुकसान हुआ है. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सब्जी मंडी में अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
Bokaro News : फुसरो सब्जी मंडी में थोक विक्रेता की दुकान में लगी आग
Bokaro News : पानी के बौछार से लोगों ने बुझायी आग
