बोकारो. लोगों की आकांक्षा व उम्मीदों को पूरा करने का प्रयास होगा. जन-जन की समस्या दूर करने की दिशा में पहल होगी. अधूरे विकास कार्य को पूरा किया जायेगा. ये बात धनबाद के नये सांसद ढुलू महतो ने कही. श्री महतो बुधवार को बोकारो विधायक बिरंची नारायण के सेक्टर 01 स्थित आवासीय कार्यालय पहुंचे. भाजपा कार्यकर्ताओं ने धनबाद लोकसभा में भाजपा को मिली जीत का जश्न मनाया. नेतृत्व बोकारो विधायक श्री नारायण ने किया. सांसद श्री महतो ने कहा कि बोकारो समेत धनबाद की जनता ने जो विश्वास जताया है, उसपर खरा उतरने की हर संभव कोशिश होगी. चाहे विस्थापितों की समस्या हो या फिर कल्याणकारी योजना की, हर समस्या का निदान किया जायेगा. विधायक श्री नारायण ने कहा कि बोकारो की जनता ने भाजपा के सिद्धांत पर विश्वास किया है. बोकारो विस से मिला प्रचंड जन समर्थन इस बात को पुष्ट करता है. मौके पर जिलाध्यक्ष जयदेव राय, जिला महामंत्री संजय त्यागी, कमलेश राय व अन्य मौजूद थे.
लोक जनशक्ति पार्टी के जिला कार्यालय में मना जश्न :
इधर, लोक जनशक्ति पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में जश्न मनाया गया. नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री व लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में पांच सीटों पर प्रचंड जीत समेत धनबाद से ढुलू महतो की जीत पर खुशी जतायी गयी. मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल पासवान, प्रदेश महासचिव सह प्रभारी संजय श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव जीपी सिंह, प्रदेश महासचिव संजय कुमार, युवा प्रदेश सचिव वरुण पासवान, महानगर अध्यक्ष सुमन कुमार पासवान, अरविंद कुमार, विनोद कुमार व अन्य मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
