बोकारो: बोकारो शहर के दुंदीबाग बाजार लोहा पट्टी गली में रविवार की देर रात को महावीर लाल श्रीवास्तव की आयुर्वेदिक दवा व पूजा सामग्री की दुकान और पंकज कुमार साव की घड़ी व इलेक्ट्रिकल दुकान में भीषण आग लग गयी. इसमें लाखों रुपये का सामान जल गया. आग लगने से बाजार में अफरा-तफरी मच गयी और बड़ी संख्या में लोग जुट गये.
सूचना पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय पर आग बुझा लिये जाने के कारण आसपास की अन्य दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया. महावीर लाल श्रीवास्तव ने बताया कि आग से उनकी दुकान में रखा अधिकतर सामान जल गया. दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. पंकज कुमार ने बताया कि डेढ़ लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है.
अज्ञात लोगों पर जतायी आशंका
आग लगने के कारण का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. हालांकि दोनों दुकानदारों ने अज्ञात लोगों पर आग लगाने की आशंका जतायी है और जांच की मांग की है. प्रभावित दुकानदारों ने जिला प्रशासन व स्थानीय जनप्रतिनिधियों से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है.
