Bokaro News : विभागों को निकासी-व्यय का प्रतिवेदन जमा करने का निर्देश

Bokaro News : समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई.

समाहरणालय सभागार में डीसी अजय नाथ झा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई. विभिन्न विभागों की योजना प्रगति की समीक्षा करते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने व लंबित मामलों का समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया. वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न विभागों की ओर से किये गये निकासी व व्यय का प्रतिवेदन 12 मार्च तक जिला कार्यालय में समर्पित करने को कहा गया. बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि जिन मनरेगा योजनाओं का कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है, उसे बंद कर रिपोर्ट संबंधित बीडीओ उपलब्ध करायें. बैठक में विभिन्न योजनाओं के लगभग 3500 सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) के शेष एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) की समीक्षा की गयी. डीसी ने सभी लंबित एटीआर को अविलंब पोर्टल पर अपलोड करने को कहा.

6788 लाभुकों के आधार सीडिंग को शीघ्र करें पूरा

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 6,788 लाभुकों के आधार सीडिंग कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि पात्र लाभुकों को सम्मान राशि का भुगतान समय पर हो. इसके अलावा केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के लाभुकों का डीएलसी अद्यतन करने का निर्देश सभी अंचलाधिकारियों को दिया गया.

सखी मंडल को मुद्रा ऋण उपलब्ध कराने पर जोर

बैठक में सखी मंडल की सदस्यों को मुद्रा ऋण उपलब्ध कराने की प्रगति की समीक्षा हुई. डीसी ने बैंकों को इस दिशा में तत्परता दिखाने का निर्देश देते हुए लंबित 2756 आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया. साथ ही एलडीएम आबिद हुसैन को इस प्रक्रिया में समन्वय व नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा.

गोट बैंक, आपदा मुआवजा व धान अधिप्राप्ति की समीक्षा

बैठक में गोट बैंक योजना, आपदा मुआवजा, धान अधिप्राप्ति व आंगनबाड़ी भवन व शौचालय निर्माण से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा हुई. डीसी ने इन सभी योजनाओं के कार्य को गति देने व निर्धारित मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन सुनिश्चित करने व आपदा मुआवजा से संबंधित दस्तावेज अंचल से जिला भेजने का निर्देश दिया.

15वें वित्त आयोग के फंड के उपयोग पर बल

डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने सभी बीडीओ को 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत टाइड व अनटाइड फंड के व्यय को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. खराब प्रदर्शन वाले प्रखंड को अविलंब समीक्षा बैठक आयोजित करने व कार्य में सुधार लाने को कहा.

दाखिल-खारिज मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

डीसी ने अंचलाधिकारियों को लंबित दाखिल-खारिज के आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया. कहा कि यदि किसी आवेदन को रद्द किया जाता है, तो उसका स्पष्ट कारण दर्ज किया जाना चाहिए.

ये थे उपस्थित

बैठक में अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सफीक आलम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार, नोडल पदाधिकारी पंकज दुबे समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >