प्रभात खबर की खबर का असर, डीसी ने निभाया वादा, गणेश महतो का कुआं बनकर तैयार

बोकारो डीसी ने अपना वादा पूरा करते हुए किसान गणेश महतो का अधूरा कुआं बनवा दिया है। अब किसान को सोलर पंप और बेहतर इलाज का इंतजार है।

बोकारो: कसमार प्रखंड के बगदा निवासी किसान गणेश महतो का अधूरा सपना आखिरकार साकार हो गया. जिला प्रशासन की पहल से उनका कुआं बनकर तैयार हो गया है. कुआं पूरा होने के बाद गणेश महतो के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है. उन्होंने इसके लिए बोकारो उपायुक्त तथा प्रभात खबर के प्रति आभार जताया है. हालांकि, कुएं के अंदरूनी हिस्से का प्लास्टर अभी नहीं हुआ है, लेकिन अपना अधूरा पड़ा कुआं पूरा होने भर से वे बेहद उत्साहित हैं.

उल्लेखनीय है कि गणेश महतो ने सरकारी मदद नहीं मिलने की स्थिति में अकेले अपने दम पर 29 फीट गहरा कुआं खोद डाला था. इसके लिए करीब सात महीने तक लगातार मेहनत की. इतना ही नहीं, उन्होंने करीब 25 फीट तक ईंट की जुड़ाई भी स्वयं कर ली थी. लेकिन आर्थिक तंगी और लगातार बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण वे निर्माण कार्य पूरा नहीं कर पा रहे थे. चार जुलाई को उनकी संघर्षपूर्ण कहानी प्रभात खबर में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद छह जुलाई को बोकारो उपायुक्त स्वयं उनके घर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने गणेश महतो के जज्बे की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने तथा कुएं का निर्माण पूरा कराने, सोलर पंप उपलब्ध कराने और समुचित इलाज कराने का आश्वासन दिया था. अब जिला प्रशासन ने कुएं का निर्माण पूरा कर अपना पहला वादा निभा दिया है.

सोलर पंप और इलाज का इंतजार

कुआं तैयार होने के बाद भी गणेश महतो की उम्मीदें अभी बाकी हैं. उन्होंने कहा कि यदि सोलर पंप की व्यवस्था हो जाए तो वे अपने खेतों की सिंचाई कर खेती को नयी दिशा दे सकेंगे. इसके अलावा वे अपने स्वास्थ्य को लेकर भी चिंतित हैं. उन्होंने बताया कि आठ जुलाई को उपायुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके स्वास्थ्य की जांच कर सैंपल लिया था, लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट नहीं मिली है और न ही इलाज शुरू हो सका है. कुएं का काम पूरा करने के दौरान पिछले सप्ताह लगातार कड़ी मेहनत करने से उनकी तबीयत फिर बिगड़ गयी है. ऐसे में उन्होंने जल्द इलाज और प्रशासन की अन्य घोषणाओं को भी पूरा करने की उम्मीद जतायी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >