चास : चास नगर निगम चास द्वारा रामकृष्ण विद्या मंदिर जोधाडीह चास में बुधवार को भारत सरकार के जल शक्ति अभियान कैच द रेन 2026 के तहत चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय "वर्षा जल संचयन जहां गिरे, जब गिरे, वहीं सहेजें" रखा गया था. विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के 50 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. बच्चों ने अपनी कलात्मक सोच और रंगों के माध्यम से धरती पर गिरती बारिश की बूंदों को बचाने, रूफटॉप हार्वेस्टिंग सिस्टम , भूजल स्तर को सुधारने और जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के बेहतरीन मॉडलों को चार्ट पेपर पर उकेरा. निगम के अपर नगर आयुक्त के दिशा निर्देश मे बच्चों ने कला के माध्यम से वर्षा जल संचयन का संदेश दिया.
मौके पर विद्यालय के प्राचार्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पानी की एक-एक बूंद हमारे भविष्य के लिए कीमती है. ''कैच द रेन'' केवल एक अभियान नहीं बल्कि एक जन आंदोलन है और इसकी शुरुआत हमें अपने घरों और स्कूलों से करनी होगी. बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स इस बात का प्रमाण हैं कि हमारी युवा पीढ़ी जल संकट को लेकर कितनी संवेदनशील है. प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायक मंडली द्वारा सर्वश्रेष्ठ कलाकृतियों का चयन किया गया और सभी विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रोत्साहित किया गया. साथ ही बच्चों को अपने घरों और आस-पड़ोस में लोगों को जल संचयन के प्रति जागरूक करने की शपथ भी दिलाई गई. मौके पर निगम के नगर प्रबंधक, अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर स्पेशलिस्ट, विद्यालय के शिक्षक सहित अन्य उपस्थित थे.
