पेटरवार, पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरदाना पंचायत के खैराजरा व कोह पंचायत के काटमकुल्ही गांव के आठ घरों में शुक्रवार की रात चोरी हो गयी. जानकारी के अनुसार सभी लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे. तभी देर रात चोर घरों में घुसे. बक्सा तोड़कर अंदर रखे नगद, गहने कपड़ा, बर्तन आदि समानों की चोरी कर चलते बने. इसकी जानकारी शनिवार की सुबह गृहस्वामियों को हुई.
खैराजरा गांव के पांच घरों चोरी हुई है. इसमें मुकुल महतो के घर से चार बक्सों में रखे 45 हजार, जिसमें 15 हजार महिला समूह का पैसा सहित कान की बाली, पायल व अन्य समान लगभग डेढ़ लाख की चोरी हुई है. जबकि रमेश महतो का सात हजार नकद, चांदी के पायल, कमलेश महतो के 10 हजार नकद, चांदी के पायल, मठिया शामिल है. इसके अलावा महेंद्र करमाली व बालेश्वर करमाली के घरों में चोरी हुई है.जबकि काटमकुल्हि के तीन घरों में चोरी हुई है. निर्मल रजवार की बेटी की शादी की खरीदारी के लिए बक्से में रखे 62 हजार नकद व कपड़े, महेंद्र रजवार के 21 हजार व राजू रजवार के नकद अन्य सामानों की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया. इधर घटना की जानकारी मिलते ही पेटरवार पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
वीरेंद्र ज्वेलर्स से डेढ़ लाख के जेवरात की चोरी, प्राथमिकी
बोकारो, बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह स्थित वीरेंद्र ज्वेलर्स में शुक्रवार की रात जेवरात की चोरी हो गयी. घटना की जानकारी शनिवार की सुबह दुकान खोलने के वक्त संचालक वीरेंद्र को मिली. थाना में आवेदन देकर बताया कि रोजाना की तरह रात को दुकान बंद कर घर गये थे. शनिवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे, तो देखा कि दुकान का पिछला हिस्सा उखडा हुआ है. लगभग डेढ़ लाख के सोने-चोदी के जेवरात गायब है. पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
