ईसाई धर्मावलंबियों ने ईसा मसीह के पुनर्जीवित होने की खुशी के मौके पर रविवार को ईस्टर पर्व मनाया. बोकारो सेक्टर 04 स्थित सिटी चर्च, संत मेरी चर्च सहित अन्य गिरिजाघरों में देर रात तक प्रार्थना का दौर चला. सेक्टर-06 स्थित कब्रिस्तान में सुबह चार बजे से लोग पहुंचने लगे. लोगों ने पूर्वजों की कब्र को फूल-माला से सजाया. कैंडल जलाया और प्रार्थना की. बालीडीह कब्रिस्तान में भी लोग जुटे.
इस मौके पर पास्टर ने कहा कि लोगों को शांति, प्रेम और दया को अपनाना चाहिए. इसके बाद लोगों ने प्रभु यीशु की इबादत की. प्रभु के गीत और कैरल गाये गये. रविवार को लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी. लोगों ने प्रभु यीशु के संदेश को जीवन में उतारने का संकल्प लिया.
प्रभु यीशु ने फिर से जिंदा होकर अंधकार पर विजय प्राप्त की
वाइएमसीए बोकारो की ओर से कब्रिस्तान में स्टॉल लगा कर लोगों के बीच चाय, पानी व ब्रेड आदि का वितरण किया गया. अध्यक्ष अर्पण मधई बेक ने कहा कि प्रभु यीशु ने फिर से जिंदा होकर अंधकार पर विजय प्राप्त की थी. डॉ नर्गिस पॉल ने कहा कि प्रभु यीशु ने बताया कि पापों और बुराईयों को त्याग कर सच्चाई और प्रेम का मार्ग चुनो.
खुशी के आगे फीकी पड़ी झमाझम बारिश
रविवार की सुबह चार बजे से झमाझम बारिश शुरू हो गयी. लेकिन, इसका असर नहीं पड़ा और लोग छाता लेकर कब्रिस्तान पहुंचे. कब्र की सजावट और प्रार्थना की.
