Bokaro News : केदला गांव में धूमधाम से हुई मड़ई पूजा

Bokaro News : कसमार प्रखंड के हिसीम पहाड़ पर स्थित केदला गांव में उत्सव जैसा था माहौल, सुबह से ही तैयारी में जुटे थे ग्रामीण.

कसमार, कसमार प्रखंड के हिसीम पहाड़ पर स्थित केदला गांव में मंगलवार को आदिवासी समुदाय की पारंपरिक मड़ई पूजा पूरी श्रद्धा, आस्था और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई. गांव के लोग सुबह से ही पूजा की तैयारियों में जुट गये थे. पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल था और पारंपरिक ढंग से सभी नेग-नियमों का पालन किया गया. ग्रामीणों ने बताया कि मड़ई पूजा का मूल उद्देश्य अच्छी वर्षा की कामना, फसलों की रक्षा, रोग, अकाल और प्राकृतिक आपदाओं से मुक्ति तथा ग्राम-देवताओं और प्रकृति शक्तियों को प्रसन्न करना होता है. आदिवासी मान्यता के अनुसार धरती, जल, जंगल और पहाड़ सभी जीवित शक्तियां हैं. यदि इनका सम्मान किया जाये, तो ये मानव जीवन को समृद्ध और सुरक्षित बनाती हैं. पूजा गांव के पवित्र मड़ई स्थल पर आयोजित की गयी, जहां ग्राम पुजारी (नाया/पाहन) ने पूरे अनुष्ठान को विधिपूर्वक संपन्न कराया. पूजा में साल, महुआ, सखुआ पत्ते, धान, फूल, चावल और हंड़िया अर्पित किये गये. बलि भी दी गयी. इस दौरान ग्राम-देवताओं से अच्छी वर्षा, भरपूर फसल और गांव को विपत्तियों से बचाने की प्रार्थना की गयी. ग्रामीणों का कहना है कि मड़ई आदिवासी समाज की प्रकृति-आधारित जीवन-दृष्टि, सामूहिकता और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है. यह परंपरा नयी पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी काम करती है. मौके पर मांझी हड़ाम कमलनाथ मुर्मू, पाहन आनेश्वर मुर्मू, कुटाम नायके श्यामलाल बास्के, चटिया महावीर मुर्मू, बुधेश्वर मुर्मू, बाबू दास मुर्मू, बाबूजी सोरेन, मंगल मुर्मू, काशीनाथ टुडू, विश्वनाथ मांझी, छोटे मुर्मू, सुरेश मुर्मू, सुसारी रामनाथ बेसरा के अलावा काशीनाथ सोरेन, राजेश कुमार मुर्मू, शत्रुघ्न हेंब्रम, रघुनाथ मुर्मू, नागेश्वर मुर्मू, धनेश्वर मुर्मू, जगेश्वर मुर्मू, काली करमाली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >