Bokaro News: एलआइसीकर्मी के बंद घर से 35 लाख के जेवरात व 60 हजार कैश की चोरी

Bokaro News: चोरों ने सेक्टर छह थाना क्षेत्र की एलआइसी कॉलोनी में मनीष नंदन सहाय के घर को बनाया निशाना, 12 फरवरी को पत्नी संग मथुरा पूजा करने निकले हैं गृहस्वामी.

बोकारो, सेक्टर छह थाना क्षेत्र की एलआइसी कॉलोनी में रहनेवाले मनीष नंदन सहाय के बंद आवास ई-2 से चोरों ने 35 लाख रुपये के जेवरात और 60 हजार नकदी की चोरी कर ली. एलआइसीकर्मी श्री सहाय अपनी पत्नी के साथ मथुरा पूजा करने गये हैं. श्री सहाय की पुत्री अंजली कुमारी ने सोमवार को घटना की जानकारी सेक्टर छह थाना पुलिस को दी. डीएसपी शहर आलोक रंजन व इंस्पेक्टर संगीता कुमारी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की. श्री रंजन के निर्देश पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची. मनीष नंदन सहाय मथुरा से बोकारो के लिए रवाना हो गये हैं. पुलिस उनके आने का इंतजार कर रही है. अंजली ने बताया कि उसके पिता चास एलआइसी कार्यालय में क्लर्क हैं. वह 12 फरवरी को मथुरा पूजा करने निकले थे. उसका भाई बेंगलुरू में रहता है. अंजली ने बताया कि वह अपने पति के साथ कोलकाता में रहती है. रविवार की शाम उसके भाई का एक दोस्त शादी का निमंत्रण देने घर पर आया था. उसने देखा कि मुख्य द्वार का लॉक कटा है और दरवाजा खुला हुआ है. अंदर जाने पर बेडरूम की अलमारी खुली मिली. लॉकर टूटा थ. उसने तुरंत घटना की जानकारी अपने दोस्त और अंजली को दी. सोमवार की सुबह अंजली कोलकाता से बोकारो पहुंची.

जेवर व कैश छोड़ किसी सामान को हाथ नहीं लगाया

अंजली ने बताया कि चोर सोने-चांदी के 35 लाख के आभूषण व 60 हजार नकद ले गये हैं. इसके अलावा किसी भी सामान को हाथ तक नहीं लगाया. उसने कहा कि माता-पिता के आने के बाद ही चोरी गये सामान की विस्तृत जानकारी मिल पायेगी. उसने बताया कि माता-पिता के जेवरात के साथ-साथ उसके और भाई की शादी के जेवरात भी घर में ही रखे थे. अंजली ने बताया ब्लॉक में आठ फ्लैट हैं. इनमें छह फ्लैट आवंटित नहीं हैं. यही हाल सामने वाले ब्लॉक का भी है. आठ फ्लैट में केवल तीन में ही परिवार रहते हैं. पूछताछ के दौरान गार्ड ने बताया कि रविवार की दोपहर व शाम तक ताला बंद देखा था. इसके बाद की जानकारी नहीं है. आवासीय परिसर में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है. परिसर में मंदिर होने के कारण रविवार को शिवरात्रि का कार्यक्रम चल रहा था. आने-जानेवालों की इंट्री नहीं हुई. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. चोरी की राशि बढ़ सकती है. सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गयी है. गृहस्वामी के आने का इंतजार किया जा रहा है. जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >