Bokaro News : एनआइटी की मदद से पहली बार स्टार्टअप बनेंगे डीपीएस बोकारो के दो अहम प्रोजेक्ट

Bokaro News : आइटीबीआइ कार्यक्रम के तहत पूरी होंगी मल्टीटास्किंग रोबोट और इंफ्रैक्टो परियोजनाएं, एनआइटी के मेंटर्स प्रोजेक्ट को मूर्त रूप देने में छात्रों की मदद करेंगे, आइडिया भी देंगे.

बोकारो, वैज्ञानिक नवाचार की कड़ी में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के विद्यार्थियों ने एक नया कीर्तिमान बनाया है. विद्यालय के यंग इनोवेटर्स के दो अहम प्रोजेक्ट-मल्टीटास्किंग रोबोट व इंफ्रैक्टो अब जल्द ही स्टार्टअप का रूप लेंगे. आनेवाले समय में ये दोनों परियोजनाएं पेटेंट हो सकेंगी. धरातल पर उतरकर लोगों के लिए उपयोगी साधन के रूप में तैयार हो पायेंगे. झारखंड में पहली बार एनआइटी, जमशेदपुर की मदद से इस प्रकार के इनोवेटिव आइडिया स्टार्टअप का रूप ले सकेंगे.

सात लाख रुपये तक की अनुमानित राशि से भी अधिक वित्तीय सहायता मिलेगी

भारत के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) की निधि पहल के अंतर्गत आइटीबीआइ (समावेशी प्रौद्योगिकी व्यवसाय इनक्यूबेटर) कार्यक्रम के तहत इन दोनों परियोजनाओं को अब पूरा किया जा सकेगा. इन्हें पूरा करने के लिए एनआइटी (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी), जमशेदपुर के आइटीबीआइ कार्यक्रम के तहत तीन से सात लाख रुपये तक की अनुमानित राशि से भी अधिक वित्तीय सहायता प्रदान की जायेगी. वहां के मेंटर्स प्रोजेक्ट को मूर्त रूप देने में छात्रों की मदद करेंगे. आइडिया भी देंगे.

डीपीएस बोकारो जल्द हीं एनआइटी जमशेदपुर के साथ करेगा एकरारनामा

डीपीएस बोकारो एनआइटी जमशेदपुर के साथ एकरारनामे (एमओयू) पर जल्द ही हस्ताक्षर करेगा. सेंटर फॉर इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन काउंसिल (सीआइआईसी) एनआइटी-जमशेदपुर ने इस आशय का आधिकारिक पत्र विद्यालय व विद्यार्थियों को भी भेजा है. एनआइटी-जमशेदपुर में इंडस्ट्री एकेडमिया कॉन्क्लेव में 11वीं के प्रियम हरनंदका, शौर्य प्रताप व अनिकेत सिंह के साझा नवोन्मेषी प्रोजेक्ट इंफ्रैक्टो व आठवीं के सरित चक्रवर्ती की मल्टीटास्किंग ह्यूमनॉइड रोबोट-नोवासेपियन ने सराहना पायी.

कॉन्क्लेव में झारखंड से चयनित किये गये पांच प्रोजेक्ट

एनआइटी जमशेदपुर की ओर से उक्त कॉन्क्लेव में प्रतिभागी कुल पांच प्रोजेक्ट पूरे झारखंड से चुने गये. इनमें दो अकेले डीपीएस बोकारो के प्रोजेक्ट शामिल रहे. एनआइटी की ओर से बोकारो सहित पूरे राज्य में पहली बार इस प्रकार किसी नवोन्मेषी प्रोजेक्ट को वित्तपोषित किया जा रहा है. इससे बच्चे प्रोजेक्ट को विकसित कर प्रोटोटाइप बना सकेंगे. बुधवार को विद्यालय के प्राचार्य डॉ एएस गंगवार ने चयनित विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया. कहा कि बच्चों की मेहनत व शिक्षकों के मार्गदर्शन से उपलब्धि मिली है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >