रंजीत कुमार, बोकारो, ऐश पौंड में ठेकेदारी के वर्चस्व को लेकर हरला थाना क्षेत्र में 18 जुलाई 2024 को घटित शंकर रवानी हत्याकांड के 18 माह बीतने को है. इस चर्चित हत्याकांड को लेकर तत्कालीन एसपी पूज्य प्रकाश की एसआइटी ने हत्याकांड से जुड़ मुख्य साजिशकर्ता, रेकीकर्ता, हथियार उपलब्ध करानेवाला व वाहन चालक को गिरफ्तार करने में सफलता पायी थी, लेकिन आज भी शंकर रवानी हत्याकांड को अंजाम देनेवाला मुख्य शूटर निशू फरार है.
एसपी पूज्य प्रकाश के तबादले के बाद मामला लगभग ठंडा पड़ गया. इसके बाद तत्कालीन एसपी मनोज स्वर्गियारी ने प्रयास किया. केस के अनुसंधानकर्ता तत्कालीन हरला इंस्पेक्टर अनिल कच्छप टीम के साथ लगातार कई बार बिहार के पटना स्थित शूटर के ठिकाने पर पहुंचे. लेकिन शूटर के हर बार ठिकाना बदल लेने के कारण पकड़ नहीं पाये. आज भी एसआइटी व हरला थाना पुलिस की टीम लगातार शूटर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.सभी आरोपित बेल पर
एसआइटी ने शंकर रवानी हत्याकांड में शामिल राजेंद्र दूबे उर्फ राजू दूबे (महुआर, थाना हरला), अशोक सिंह उर्फ अशोक सम्राट (गुरुद्वारा काॅलोनी पजाबी मुहल्ला, थाना चास), प्रक्षित सिंह उर्फ राजा, (महुआर, थाना हरला), श्याम कुमार रवानी (महुआर, थाना हरला), अमित कुमार स्वानी (महुआर, थाना हरला) को गिरफ्तार किया. फिलहाल सभी बेल पर जेल से बाहर है. हत्याकांड से जुड़े शूटर विकास व बिट्टू को बिहार के जेल से रिमांड पर लाकर बोकरो में पूछताछ की गयी. इसके बाद बिहार जेल भेज दिया गया. फिलहाल दोनों शूटर बिहार के बेउर जेल में बंद है.क्या है पूरा मामला
हरला थाना क्षेत्र के महुआर निवासी ठेकेदार शंकर रवानी 18 जुलाई 2024 की सुबह सेक्टर नौ में वाहन धुलवा रहे थे. इसी बीच चार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर शंकर रवानी को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था. बोकारो जनरल अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने शंकर रवानी को मृत घोषित कर दिया था. तत्कालीन एसपी पूज्य प्रकाश के निर्देश पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एसआइटी टीम का गठन किया गया था. तत्कालीन हरला इंस्पेक्टर अनिल कच्छप सहित अन्य पुलिस अधिकारी को शामिल किया गया. जांच पड़ताल में मामला ऐश पौंड के ठेका में वर्चस्व को लेकर कांट्रेक्ट किलर के जरिये शंकर रवानी की हत्या की बात सामने आयी. इसमें महुआर के रहनेवाले मुख्य साजिशकर्ता राजू दूबे सहित आठ लोग आज भी जेल में बंद है. जांच-पड़ताल के दौरान ही पुलिस ने सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के भारत एकता को-ऑपरेटिव कॉलोनी से हथियारों का जखीरा बरामद किया था. फिलहाल पुलिस शंकर रवानी हत्याकांड के मुख्य शूटर की तलाश कर रही है. शंकर रवानी हत्याकांड में तीन दर्जन पुलिस अधिकारी व जवान जुटे थे.बोले सिटी डीएसपी
इस संबंध में सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने कहा कि शंकर रवानी हत्याकांड से पर्दा उठा दिया गया है. एक मुख्य शूटर निशू की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी चल रही है. एसआइटी की एक टीम लगातार सूचना पर बिहार में छापेमारी कर रही है. जल्द ही कांड का मुख्य शूटर गिरफ्त में होगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
