Bokaro News : जिला प्रशासन करेगा महिला उद्यमियों का सहयोग : डीडीसी

Bokaro News : जिला उद्योग केंद्र बोकारो की ओर से जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, डीडीसी ने विभिन्न स्टाॅलों का निरीक्षण किया.

बोकारो, जिला उद्योग केंद्र बोकारो की ओर से गुरुवार को जायका हैप्पीनेस में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गयी. डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने कार्यशाला की शुरुआत की. डीडीसी ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व वाली उद्यमिता को बढ़ावा देना ना केवल सामाजिक समावेशन के लिए जरूरी है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता व तकनीकी समर्थन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. बताया कि सरकार की विभिन्न योजना व कार्यक्रम महिलाओं को व्यवसाय को शुरू करने, विस्तार देने व बाजार तक पहुंच बनाने में मदद करते हैं. डीडीसी ने विभिन्न स्टाॅलों का निरीक्षण किया. स्टॉल में विभिन्न महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए विभिन्न सामानों को दर्शाया गया था.

महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित व सशक्त बनाने के उद्देश्य से रैंप (राइजिंग व एसेलेशन एमएसएमई परफॉर्मेंस) कार्यक्रम के तहत महिला उद्यमी के विकास विषय पर आयोजित कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजना, ऋण सुविधा, कौशल विकास, स्टार्टअप समर्थन व उद्योग से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी मिली. सफल महिला उद्यमियों के अनुभव साझा किया गया.

नयी सोच के साथ व्यवसाय को बढ़ाये

डीडीसी ने कहा कि रैंप कार्यक्रम से महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, बाजार से जुड़ाव व उद्यम स्थापित करने से संबंधित जानकारी दी जा रही है. आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन महिला उद्यमियों के साथ निरंतर सहयोग करेगा. स्वरोजगार व उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहायता की जायेगी. उन्होंने हितधारकों से आग्रह किया कि वे स्वयं सहायता समूह, स्टार्ट-अप्स व महिला-उद्यमी नेटवर्क का पूरा लाभ उठाए. नई सोच के साथ व्यवसाय को आगे बढ़ायें. महिला नेतृत्व वाले व्यवसायों को प्रोत्साहन देकर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ा सकते हैं.

योजनाओं की दी गयी जानकारी

जिला उद्योग केंद्र बोकारो के महाप्रबंधक राजेंद्र प्रसाद ने डीआइसी से केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रही योजनाओं की जानकारी दी. श्री प्रसाद ने कहा कि महिला-नेतृत्व वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित करना ना केवल व्यवसाय के अवसरों को बढ़ाता है, बल्कि समग्र रूप से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाता है. उन्होंने बताया कि जिला उद्योग केंद्र विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, मार्केटिंग सलाह व उद्यमिता नेटवर्किंग के अवसर दे रहा है. महिलाओं को सही मार्गदर्शन, कौशल विकास और वित्तीय समर्थन हो, तो वे छोटे-बड़े सभी स्तरों पर अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक चला सकती हैं.

महिला आत्मनिर्भर बनें, कौशल का करें उपयोग

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता ने कहा कि लक्ष्य सभी महिला उद्यमी को सशक्त व सामर्थ बनाना है. प्रोत्साहित करने के लिए विभाग विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम, सलाह व वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है. महिला कौशल का उपयोग कर रोजगार सृजन करें. सामाजिक-आर्थिक प्रगति में भागीदारी बढ़ाएं. महिलाओं के आत्म-विश्वास व नवाचार को बढ़ावा देना प्राथमिकता है. मौके पर आरसीटी के निदेशक सुमन एक्का, मैनेजर विकास प्रकाश, जिडको कंसल्टेंट इशा कुमारी, जिला उद्योग केंद्र के किशोर रजक व अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >