Bokaro News: यदुवंश नगर में टूट कर गिरते हैं जर्जर तार, हादसे की रहती है आशंका

Bokaro News: चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 25 का हाल : कई नालियां टूट गयी हैं. खराब स्ट्रीट लाइट व बिजली की समस्याएं भी लंबे समय से बनी हुई है.

चास, चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 25 के यदुवंश नगर में कई समस्याएं व्याप्त है. विभिन्न गलियों की नालियों की नियमित सफाई नहीं होती है. वहीं कई नालियां टूट गयी हैं. खराब स्ट्रीट लाइट व बिजली की समस्याएं भी लंबे समय से बनी हुई हैं. बिजली के पोल और तार जर्जर हो गये हैं. तार अचानक टूट कर गिर जाते हैं, कई बार लोग बाल-बाल बचे हैं. मुख्य जगहों पर कचरा का अंबार लगा रहता है. वार्ड की आबादी लगभग 12 हजार है. जबकि मतदाताओं की संख्या करीब पांच हजार है. 2020 में नगर निगम बोर्ड भंग हो गया था. इसके बाद पिछले छह साल से निगम प्रशासक की देखरेख में काम हो रहा है. लेकिन आजतक इस वार्ड क्षेत्र की समस्याओं का समाधान पूरी तरह नहीं हुआ है.

स्थानीय निवासी सोनी कुमारी, भोला शर्मा, कौशिक राणा, संजीव स्वर्णकार, चितरंजन, मथुरा शर्मा सहित अन्य ने कहा कि यदुवंश नगर स्थित पीपल चौक के पास वर्षों से नाली की समस्या से लोग परेशान हैं. नाली टूट गयी है और अक्सर जाम ही रहती है. लोगों ने कहा कि जलापूर्ति के लिए पाइप बिछाने के दौरान सड़क टूट गयी थी. लेकिन मरम्मत नहीं करायी गयी. जिससे सड़क ज्यादा खराब हो गयी और जगह-जगह गड्ढे बन गये हैं. हमलोगों ने खुद से सड़क की मरम्मत करायी. गर्मी शुरू होते ही मच्छर का प्रकोप बढ़ जायेगा. निगम की ओर से फाॅगिंग नहीं करायी जाती है. खराब स्ट्रीट लाइट की भी मरम्मत स्वयं करानी पड़ती है.

निगम प्रशासन को समस्याओं से लेना-देना नहीं

स्थानीय निवासी चंचल कुमार, निरंजन पांडेय, अमरेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार शर्मा, जीवन साव सहित अन्य ने कहा कि वार्ड क्षेत्र के यदुवंश नगर में बिजली के पोल और तार जर्जर हो गये हैं. तार अचानक टूट कर गिर जाते हैं, कई बार लोग बाल-बाल बचे हैं, कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है. वार्ड क्षेत्र में ज्यादातर गलियों में बिजली विभाग ने कवर्ड वायर नहीं लगाया है. कुछ बिजली के पोल की स्थिति बहुत खराब है. घर और तार के सहारे खड़ा है, कभी भी टूट कर गिर सकता है. लोगों ने कहा कि निगम प्रशासन सिर्फ टैक्स लेने में व्यस्त रहता है, लोगों की समस्या से कोई लेना-देना नहीं है.

सभी गलियों में नहीं बिछा पाइपलाइन

वार्ड क्षेत्र में अभी भी कई गलियों में निगम के जलापूर्ति योजना का पाइपलाइन का विस्तार नहीं हुआ है. लोगों ने कहा कि मैन लाइन बिछाकर गलियों को छोड़ दिया गया है. जिस कारण लोगों को सप्लाई पानी नहीं मिल पाता है. गर्मी में जलस्तर नीचे चला जाता है तब परेशानी और बढ़ जाती है. कहा कि निगम क्षेत्र में रहकर आज के समय में भी पेयजल के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. कहा कि पूरे वार्ड क्षेत्र में गैस के पाइपलाइन का विस्तार भी नहीं हुआ है.

पूर्व पार्षद का दावावार्ड 25 के पूर्व पार्षद किशुन लाल गोप ने कहा कि अपने कार्यकाल में वार्ड क्षेत्र में कई विकास कार्य किया है. कई सड़क और नालियों का निर्माण कराया गया है. वार्ड क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगवायी गयी. निगम में पिछले छह साल से प्रशासक राज्य चल रहा है, जिसमें विकास कार्य धीमा हुआ है और वार्ड क्षेत्र की समस्या बढ़ गयी है. चुनाव के बाद लोगों की समस्या दूर हो जायेगी .

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >