बोकारो, 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. अध्यक्षता उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने की. इस दौरान जिला मुख्यालय स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले 13 बूथ लेवल ऑफिसर को सम्मानित किया गया. सभी निर्वाची क्षेत्रों में कार्यरत डाटा इंट्री ऑपरेटर, हेल्प डेस्क मैनेजर व पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चे को भी सम्मानित किया गया. नये मतदाताओं के बीच सांकेतिक रूप से इपिक कार्ड का वितरण किया गया. 23 जनवरी को सरस्वती पूजा व 25 जनवरी को रविवार को देखते हुए आयोजन निर्धारित तिथि से पूर्व किया गया. राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम मेरा भारत मेरा वोट है, जबकि टैगलाइन इंडियन सिटीजन एट द हार्ट ऑफ इंडियन डेमोक्रेसी निर्धारित की गयी है.
डीडीसी ने दिलायी मतदाता शपथ
डीडीसी श्रीमती मजूमदार ने सभी पदाधिकारियों, कर्मियों व नागरिकों को मतदान के लिए मतदाता प्रतिज्ञा दिलायी. डीडीसी ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में निर्वाचन महापर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराना बड़ी चुनौती है, जिसे पूरी इलेक्शन मशीनरी के समेकित प्रयास से त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाता है. लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए वर्तमान मतदाताओं के साथ-साथ भावी मतदाताओं को मतदान का महत्व समझना होगा. मताधिकार का उपयोग करना चाहिए.मतदान हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार : एसी
अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी ने कहा कि मतदान करना प्रत्येक भारतीय नागरिक का संवैधानिक अधिकार है. मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल ऑफिसर तैनात रहते हैं, जिनके सहयोग के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी होते हैं. उन्होंने सभी योग्य नागरिकों से फार्म-06 भरकर नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की.मताधिकार के प्रयोग से ही लोकतंत्र होता है मजबूत
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा ने कहा कि जिस प्रकार व्यस्क होने पर जीवन व कॅरियर की योजना बनाते हैं, उसी प्रकार संवैधानिक अधिकार मतदान के प्रयोग के लिए भी सजग व योजनाबद्ध होना चाहिए. मताधिकार के प्रयोग से ही लोकतंत्र को मजबूत व सशक्त बनाया जा सकता है.अनुमंडल व प्रखंड स्तर पर भी हुआ आयोजन
जिले के दोनों अनुमंडल में निर्वाची पदाधिकारी व प्रखंड सह अंचल स्तर पर सहायक निर्वाची पदाधिकारी की ओर से कार्यक्रम आयोजित हुआ. बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया. आम मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए मतदाता शपथ दिलायी गयी. जैप-04 में मतदाता प्रतिज्ञा ली गयी. मौके पर डीपीएलआर मेनका, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलखो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी एनएस कुजूर, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह व अन्य मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
