Bokaro News: चास नगर निगम चुनाव में 50.83 प्रतिशत हुई वोटिंग

Bokaro News: बोले डीइओ : छिटपुट घटनाओं को छोड़ सभी जगहों पर शांतिपूर्ण हुआ मतदान, सभी के समन्वित प्रयास से शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान संभव हो सका.

बोकारो, चास नगर निगम चुनाव में सोमवार को 50.83 प्रतिशत वोटिंग हुई. मतदान के बाद समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीइओ सह डीसी अजय नाथ झा ने पत्रकारों को बताया कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर जिले में मतदान शांतिपूर्ण निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ. मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय के बाद भी मतदाताओं की उपस्थिति को देखते हुए मतदान प्रक्रिया जारी रखी गयी.

सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़, सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात

डीइओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक द्वारा देर शाम तक जारी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया. संबंधित मतदान केंद्रों पर सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती हुई. ऐसे केंद्रों पर अतिरिक्त पेयजल एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गयी, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो.

लोकतंत्र की मजबूती में सहभागिता पर आभार

डीइओ ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की नींव है. उन्होंने सभी मतदाताओं एवं देर शाम तक मतदान केंद्रों पर डटे रहकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया. वहीं, निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारी, कर्मियों एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान संभव हो सका.

घायल चास एसडीपीओ उपचार के बाद ड्यूटी पर लौटे

मतदान के दौरान घायल हुए चास एसडीपीओ के उपचार के बाद पुनः निर्वाचन ड्यूटी पर लौटने को डीइओ ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सर्वोच्च प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया. कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. प्रशासन द्वारा जीरो टोलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. इससे पूर्व उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने बताया कि दोनों नगर निकायों में कुल 201 मतदान केंद्र गए थे. चास नगर निगम क्षेत्र में 136 व फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 65 मतदान केंद्र शामिल थे. डीडीसी ने बताया कि चास नगर निगम में 06 आदर्श तथा 25 पर्दानशीं मतदान केंद्र बनाये गये थे, जबकि फुसरो नगर परिषद में 05 आदर्श और 04 पर्दानशीं मतदान केंद्र स्थापित किए गए. संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी चास नगर निगम क्षेत्र में 98 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील व 29 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया. वहीं, फुसरो नगर परिषद में 19 केंद्र अति संवेदनशील और 36 केंद्र संवेदनशील घोषित किए गये.

मतपेटिका संग्रहण की व्यवस्था

चास नगर निगम की पोल्ड मतपेटिकाओं को चास स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में सुरक्षित रखा जाएगा. मतपेटिका प्राप्ति के लिए कुल 18 काउंटर बनाए गए हैं. विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >