Bokaro News : चास नगर निगम में 162073 व फुसरो नगर परिषद में 65082 मतदाता चुनेंगे प्रतिनिधि

Bokaro News : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा : चास में 130 व फुसरो नप में 65 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान, मेयर का पद अनारक्षित (अन्य) व नगर परिषद अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित.

बोकारो, झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा हो गयी है. बोकारो जिले में चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद में भी चुनाव होगा. चास नगर निगम में 162073 व फुसरो नगर परिषद में 65082 मतदाता अपने भाग्य का फैसला करेंगे. चास नगर निगम में 83106 पुरुष, 78950 महिला व 17 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं. वहीं फुसरो नगर परिषद में 33292 पुरुष व 31790 महिला मतदाता हैं. दोनों जगह प्रत्याशी 29 जनवरी से 04 फरवरी तक नामांकन करा सकेंगे. 23 फरवरी को मतदान होगा व 27 फरवरी को मतगणना होगी. यह जानकारी मंगलवार को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजयनाथ झा ने प्रेस वार्ता के दौरान दी. पीसी समाहरणालय सभागार में हुई. डीसी ने बताया कि चास नगर निगम में मेयर का पद अनारक्षित (अन्य) है. जबकि, फुसरो नगर परिषद में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित है. डीसी ने बताया कि चास में 130 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी. इसके लिए 54 मतदान भवन हैं. इनमें से 29 सामान्य, 39 संवेदनशील व 62 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र हैं. वहीं 12 सामान्य, 17 संवेदनशील व 25 अतिसंवेदनशील मतदान भवन है. फुसरो नगर परिषद में 65 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी. इसके लिए 43 मतदान भवन है. फुसरो नप क्षेत्र में 07 सामान्य, 25 संवेदनशील व 11 अतिसंवेदनशील मतदान भवन है.

मेयर प्रत्याशी अधिकतम 15 लाख व नगर परिषद अध्यक्ष छह लाख तक ही कर सकेंगे खर्च

डीसी ने बताया कि पांच फरवरी को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी. अभ्यर्थी छह फरवरी को नाम वापस ले सकेंगे. सात फरवरी को अभ्यर्थियों को प्रतीक चिन्ह दिया जायेगा. चास नगर निगम में मेयर पद के लिए प्रत्याशी अधिकतम 15 लाख रुपये खर्च कर पायेंगे. वहीं वार्ड पार्षद प्रत्याशी अधिकतम तीन लाख रुपये खर्च कर सकेंगे. इसी तरह फुसरो नगर परिषद में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिकतम छह लाख व वार्ड पार्षद प्रत्याशी 1.5 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे.

16 अभ्यर्थी किये गये अयोग्य घोषित

डीसी ने बताया कि चास ननि चुनाव 2015 के अभ्यर्थियों द्वारा निर्वाचन व्यय का लेखा जमा नहीं कर पाने के कारण 01 अभ्यर्थी को अयोग्य किया गया है. वहीं फुसरो नप चुनाव 2018 के अभ्यर्थियों द्वारा निर्वाचन व्यय जमा नहीं करने वाले 15 को अयोग्य किया गया है. निर्वाचन आयोग के ज्ञापांक से ऐसी सूची प्राप्त हुई है. इस बार चुनाव मतपत्र व मतपेटी के जरिये होगा. इसमें नोटा का प्रयोग मतदाता नहीं कर पायेंगे.

कृषि उत्पादन केंद्र चास में होगी मतगणना

डीसी श्री झा ने बताया कि चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद चुनाव संबंधित मतगणना चास स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति में होगी. चास नगर निगम के मेयर पद के लिए चास एसडीओ प्रांजल ढांडा को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. इसी तरह फुसरो नप के अध्यक्ष पद के लिए बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. कार्यपालक दंडाधिकारी-बेरमो कुमार कनिष्क को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. इसके अलावा विभिन्न वार्ड का ग्रुप बनाकर प्रशासनिक स्तर पर निर्वासी व सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है.

निर्भिक और भयमुक्त वातावरण में कराया जायेगा चुनाव : एसपी

एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि चुनाव को निर्भिक और भयमुक्त वातावरण में कराया जायेगा. कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. संवेदनशील व अतिसंवेदनशील समेत सभी मतदान केंद्र में सुरक्षा की व्यवस्था होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >