Bokaro News :दो कारों की टक्कर में डीपीएस बोकारो की कर्मी की मौत

बीएस सिटी थाना क्षेत्र के लेक रोड स्थित सिटी पार्क के पास की घटना

Bokaro News : संवाददाता, बोकारो. बीएस सिटी थाना क्षेत्र के लेक रोड स्थित सिटी पार्क के समीप बुधवार देर रात दो कारों के बीच हुई भीषण टक्कर में एक महिला की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतका की पहचान सेक्टर तीन निवासी और बीएसएल कर्मी मनोज सिंह की पत्नी बबीता देवी (53) के रूप में हुई है. वह सेक्टर पांच स्थित डीपीएस बोकारो में स्वास्थ्य विभाग में नर्स थीं. जानकारी के अनुसार, मनोज सिंह अपनी पत्नी बबीता देवी और पुत्री विशाखा कुमारी (25) के साथ चास स्थित एक परिचित के घर से लौटकर सेक्टर तीन स्थित आवास जा रहे थे. इसी दौरान लेक रोड पर उनकी कार जेएच 09क्यू 3242 की दूसरी कार जेएच 09बीएम 4905 से जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में मनोज सिंह, उनकी पत्नी और पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गये. वहीं, दूसरी कार का चालक भर्रा निवासी आफताब अंसारी (20) भी जख्मी हो गया. घटना के बाद सभी घायलों को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बबीता देवी की मौत हो गयी. मनोज सिंह, विशाखा कुमारी और आफताब अंसारी का इलाज जारी है. मनोज सिंह को अभी तक पत्नी के निधन की जानकारी नहीं दी गयी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार सेक्टर तीन मोड़ की ओर मुड़ रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रही दूसरी कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. हादसे के बाद दूसरी कार में सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गये. सूचना मिलने पर बीएस सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार लोगों की तलाश में जुटी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है. पुलिस मामले की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >