बोकारो. जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत दारिदाग गांव में गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया सरकार के काउंसलेट जनरल बर्नाड लिंच और डायरेक्ट एड प्रोग्राम की प्रोग्राम हेड एंजलीना नैयर पहुंचे. उनके आगमन पर गोमिया प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े की अगुवाई में ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ ढोल-मांदर बजाकर स्वागत किया.
दौरे के दौरान जन सहयोग केंद्र, हजारीबाग द्वारा जल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में संचालित परियोजनाओं का अवलोकन किया गया. काउंसलेट जनरल बर्नाड लिंच ने गांव में मरम्मत किये गये दो सोलर जलमीनारों का उद्घाटन किया. इसके साथ ही सात चापानलों के जीर्णोद्धार कार्य का भी लोकार्पण किया गया. इन सुविधाओं के चालू होने से ग्रामीणों को पेयजल उपलब्धता में राहत मिलने की उम्मीद है.
ग्रामीणों के साथ किया जनसंवाद
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद दारिदाग टोला बुड़्ढाकटा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं अतिथियों के समक्ष रखीं. अंचल अधिकारी आफताब आलम ने प्रशासन की ओर से क्षेत्र की स्थिति और विकास कार्यों की जानकारी दी तथा काउंसलेट जनरल को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया. कार्यक्रम के आयोजन में आईईएल थाना प्रभारी श्यामल कुमार मंडल ने भी सहयोग किया.
जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की योजना
जन सहयोग केंद्र, हजारीबाग के सचिव नरेंद्र कुमार महतो ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया सरकार के डायरेक्ट एड प्रोग्राम के सहयोग से दारिदाग गांव में जल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं. इसके तहत खराब पड़े चापानलों और सोलर जलमीनारों की मरम्मत करायी गयी है. आगामी चरण में दो जल टैंक, विद्यालय के शौचालय की मरम्मत तथा दो डाड़ी (जल संरचना) निर्माण का कार्य भी किया जायेगा. उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
ग्रामीणों ने रखीं विकास से जुड़ी मांगें
ग्राम पंचायत के मुखिया रामवृक्ष मुर्मू ने ग्रामीणों की ओर से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाया. उन्होंने आईईएल विस्थापन प्रभावित क्षेत्र में भी जन सहयोग केंद्र और अन्य संस्थाओं के सहयोग से विकास योजनाएं संचालित करने का अनुरोध किया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की कोषाध्यक्ष रीता कुमारी, परियोजना समन्वयक शिवलाल टुडू, मरियम कुमारी, विजय हेंब्रम, शालिनी मुर्मू, प्रकाश हांसदा, अनिल बास्की, चुनूलाल सोरेन, पूर्व प्रमुख गुलाब हांसदा, आंगनबाड़ी सेविका प्रेसी देवी, विकास हांसदा सहित अनेक लोगों की सक्रिय भूमिका रही.
ये भी पढ़ें: चास और सेक्टर-4 में स्नेचिंग से हड़कंप: क्या बोकारो में फिर सक्रिय हुआ बाहरी गिरोह? जानिए पुलिस का प्लान
