Bokaro News : आरोपियों की पहचान कराने गये युवक पर हमला

Bokaro News : आरोपियों की पहचान कराने पुलिस के साथ गया चश्मदीद गवाह लापता हो गया.

बीएस सिटी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय अफरातफरी मच गयी, जब एक माह पहले हुई हिंसक झड़प के आरोपियों की पहचान कराने पुलिस के साथ गया चश्मदीद गवाह कुणाल सिंह हमले के दौरान

रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया. घटना सेक्टर-8 स्थित बीएसएल डीएवी स्कूल परिसर की है, जहां आरोपियों के एक समूह ने अचानक पथराव शुरू कर दिया और मौके पर खड़ी एक कार में आग लगा दी. सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. घटना के दौरान कई युवक घायल हो गये, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये हैं, जबकि चश्मदीद युवक की तलाश में पुलिस और परिजन जुटे हुए हैं. अनहोनी की आशंका को देखते हुए इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच प्रतिशोध की भावना से घटना हुई है. पुलिस मामले का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है.

रहस्यमयी तरीके से लापता हुआ चश्मदीद कुणाल सिंह

जानकारी के अनुसार, पत्थरकट्टा चौक पर करीब एक माह पहले हुई मारपीट की घटना के आरोपियों की पहचान कराने के लिए चश्मदीद कुणाल सिंह पुलिस के साथ सेक्टर-8 बीएसएल डीएवी स्कूल परिसर पहुंचा था. इसी दौरान आरोपियों के समूह ने पुलिस के सामने ही पथराव शुरू कर दिया. पथराव के बीच स्कूल परिसर में खड़ी कार जेएच 15एजी 1267 को आग के हवाले कर दिया गया. इसी अफरातफरी के दौरान कुणाल सिंह लापता हो गया. आरोपियों की मौजूदगी की सूचना पर पहुंची थी पुलिस :

पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब एक माह पहले पत्थरकट्टा चौक पर जोशी कॉलोनी निवासी चिराग कुमार ने एक कार को ओवरटेक कर दिया था. इसी बात को लेकर हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 खटाल और सेक्टर-6 के कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी. हमलावरों ने चिराग पर भुजाली से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. लंबे इलाज के बाद उसकी जान बची. इसके बाद से वह लगातार पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा था. मंगलवार देर शाम सूचना मिली कि मारपीट के आरोपी सेक्टर-8 बीएसएल डीएवी स्कूल परिसर में मौजूद हैं. सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ कुछ युवक आरोपियों की पहचान कराने वहां पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक हमला हो गया और स्थिति बेकाबू हो गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >