घरों में घुसता पानी, निकासी की व्यवस्था नहीं

चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड – 18 में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है. इसके कारण वार्ड वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. खासकर बरसात में पानी घरों में घुसता है. इसको लेकर वार्ड क्षेत्र के लोग कई बार नगर निगम के अधिकारियों को आवेदन देकर इस समस्या को दूर करने की […]

चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड – 18 में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है. इसके कारण वार्ड वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. खासकर बरसात में पानी घरों में घुसता है. इसको लेकर वार्ड क्षेत्र के लोग कई बार नगर निगम के अधिकारियों को आवेदन देकर इस समस्या को दूर करने की मांग कर चुके हैं.

इसके बाद भी कुछ नहीं किया गया. वार्ड में निगम की ओर से पाइप लाइन का विस्तार तो किया गया है, लेकिन संपर्क पथों में पाइप लाइन नहीं बिछाया गया है. इससे लोगों को कनेक्शन लेने में अधिक रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं.
बड़ा नाला की जमीन का अतिक्रमण : वार्ड की जल निकासी के लिये एनएच-32 के पास से पूर्व के बड़ा नाला का निर्माण कराया गया था, लेकिन लोगों ने इस नाला की जमीन का अतिक्रमण कर लिया है. इसके कारण नाला सिकुड़ गया है. इस से नाला वार्ड-18 के अलावे वार्ड-19 की भी जल निकासी होती थी.
नाला एनएच-32 स्थित एसएस कॉलेज के पास से शुरू हुआ है. इससे बारिश का पानी नाला के जरिये सिंगारी जोरिया में गिरता था. अतिक्रमण के कारण अब यह कई जगह से लुप्त हो गया है. अब कहीं-कहीं इसका अंश बचा है. जिसमें अत्यधिक बारिश होने पर नाला के उपर से पानी बहता है.
महतो बांध का जीर्णोंद्धार नहीं : वार्ड में एकमात्र तालाब महतो बांध है. निगम के अधीन आये तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी महतो बांध का जीर्णोंद्धार अभी तक नहीं हो पाया है. निगम तालाब की बंदोबस्ती कर राजस्व की वसूली भी कर रही है.
इसके बाद भी तालाब के जीर्णोंद्धार की कार्य योजना अब तक निगम की ओर से नहीं बनायी गयी है. यहां तालाब होने के बाद भी लोगों को श्राद्ध व पूजा कार्यों के लिये दूसरे जगह जाना पड़ता है. क्योंकि तालाब का पानी गंदा है.
तालाब में गैराजों के डीजल व मोबिल का पानी भी आकर गिरता है. वहीं दूसरी ओर इस तालाब के मेड़ पर बना पीसीसी पथ क्षतिग्रस्त हो गया है. जगह-जगह सड़क टूट गयी है. इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है.
2015 में चास नगर निगम गठन के बाद यहां के लोगों में विकास की किरण को लेकर की एक नयी उम्मीद जगी. इन चार वर्षों में निगम ने यहां के लोगों को कितनी सहूलियत दी. अब इसके ऑडिट का समय आ गया है. कारण नगर निगम का चुनाव जल्द (वर्ष 2020) ही होने वाला. प्रभात खबर ने हर वार्ड में जाकर छानबीन की और लोगों से जानने का प्रयास किया कि निगम उनकी उम्मीदों पर कितना खरा उतरा. प्रस्तुति राजू नंदन
फैक्ट फाइल
आबादी : 7000
वोटर : 4000
मोहल्ले : दो
सड़क : बनी है 1500 फुट व जरूरत 2000 फुट
नाली : बनी है 1700 फुट व जरूरत करीब 3000 फुट
मुख्य समस्या : नाली
समस्याओं का समाधान करे नगर निगम
यहां जल निकासी की व्यवस्था नहीं है. इसके कारण अक्सर लोगों को जलजमाव का सामना करना पड़ता है. इससे कब निजात मिलेगी, पता नहीं.
पंकज कुमार
वार्ड में अभी भी कई मोहल्लों में पक्की सड़क की जरूरत है. लोगों को समस्याओं से दूर करने की दिशा में नगर निगम को कार्य करने की जरूरत है.
महेश पांडेय
सभी मोहल्लों में डोर टू डोर कचरा का उठाव नहीं होता है. इसके कारण लोगों को काफी परेशानी होती है. डोर टू डोर कचरा उठाव होना चाहिये.
चंदन कुमार
वार्ड में निगम की ओर से पाइप लाइन का विस्तार नहीं किया गया है. इसके कारण लोगों को पेयजल की समस्या होती है. निगम को सही से काम करना चाहिए.
सिया शरण सिंह
वार्ड 18 की समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है. पेयजल की समस्या को भी दूर कर लिया जायेगा. छूटे क्षेत्रों में नाली व सड़क का निर्माण शीघ्र कराया जायेगा. इसके लिये निगम को प्रस्ताव दिया गया है. निगम में फंड का भी अभाव है. फंड आते ही निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जायेगी.
अभिनाश कुमार, पार्षद सह डिप्टी मेयर, वार्ड-18, चास नगर निगम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >