मो. तसलीम की रिपोर्ट
चतरा: शहर के न्यू परिसदन भवन के समीप स्थित चांदनी रेस्टोरेंट में जिस्मफरोशी की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. बता दें, पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट में छापेमारी की. इस दौरान मौके से पुलिस ने पांच युवती, चार युवक और रेस्टोरेंट संचालक के बेटे को हिरासत में लिया. सभी को पूछताछ के लिए सदर थाना ले जाया गया है.
सूचना के बाद अचानक हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी. सूचना का सत्यापन करने के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अचानक रेस्टोरेंट में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया. रेस्टोरेंट संचालक के बेटे को भी पुलिस अपने साथ थाना ले गई.
ये भी पढ़ें- अयोध्या-वाराणसी घूमना हुआ आसान, कोल इंडिया कर्मचारियों को 400 रुपए में मिलेगा कमरा
हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ
छापेमारी के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि रेस्टोरेंट में किस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही थीं और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं. पुलिस कार्रवाई के बाद शहर में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को एसडीपीओ की चेतावनी
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है. उन्होंने बताया कि पांच युवतियों, चार युवकों और रेस्टोरेंट संचालक के बेटे को पकड़कर सदर थाना लाया गया है. सभी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. एसडीपीओ ने कहा कि जिस्मफरोशी जैसे धंधे में संलिप्त होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी.
