छपरा. छपरा में मंगलवार को एक युवक का शव बरामद हुआ है. युवक की पहचान वार्ड सदस्य के बेटे के रूप में हुई है. शव मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. जानकारी के अनुसार एकमा थाना क्षेत्र के नवतन के रहने वाले अवधेश प्रसाद के 21 साल के बेटे बाबुल तरुण का शव मंगलवार को बरामद किया गया. बाबुल के पिता एकमा प्रखंड के माने पंचायत से वार्ड सदस्य हैं.
एक कॉल आने पर निकला था घर से
परिजनों का कहना है कि सोमवार की रात बाबुल खाना खाकर टहल रहा था. इसी दौरान उसे एक कॉल आया. परिजनों ने बताया कि बाबुल कॉल आने के बाद कुछ लोग घर के बाहर से आवाज लगाये और वो अपने दोस्तों के साथ घर से निकल गया. जब उसे घर लौटने में देर हुई तो परिजनों की चिंता बढ़ गयी. उसकी काफी खोजबीन भी की गयी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया.
शव बरामद
मंगलवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर सड़क के किनारे उसका शव बरामद हुआ है. इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. परिजन का कहना है कि जमीनी विवाद को लेकर उसकी हत्या कर दी गयी है. युवक के सिर में चोट के निशान की बात बतायी जा रही है. शव बरामद होने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि घटना की हर ऐंगल से जांच की जा रही है. हत्यारों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा. जरुरत होने पर बाबुल के दोस्तों से पूछताछ की जायेगी.
Prabhat Khabar App: देश-दुनिया, बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस अपडेट, क्रिकेट की ताजा खबरे पढे यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए प्रभात खबर ऐप.
