बिदुपुर : रूस्तमपुर ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत परोहा दियारा क्षेत्र में गंगा नदी किनारे 9 नबंर हाइ विद्युत टेंशन टावर के निकट एक युवक एवं एक युवती का शव पाया गया है. घटना की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों का अनुमान है कि साक्ष्य छुपाने की नीयत से दोनों की हत्या कर शव को गंगा नदी किनारे फेंक दिया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत होता है.
लोगों का कहना है कि गंगा की धार सूख जाने के कारण स्नान करने दियारा क्षेत्र पार कर गंगा नदी गये, तो किनारे में दोनों शव को देखा गया. घटनास्थल पर एक खाट भी लोगों ने देखी. लोगों का मानना है कि गला दबा कर दोनों युवक-युवती की हत्या कर शव को फेंका गया है. विदित हो कि गत 28 दिसंबर को भी ठीक इसी जगह पर एक युवती का शव अर्धजले अवस्था में पाया गया था, जिसकी शिनाख्त नहीं हो पायी थी. थानाध्यक्ष पी सामर्थ ने बताया की घटना की सूचना मिली है. छानबीन की जा रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा.
