बिदुपुर : ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे बीडीओ दुनिया लाल यादव ने प्रखंड के राम नंदन उच्च विद्यालय बिदुपुर के शिक्षा की पोल खोल दी है. बीडीओ श्री यादव ने इस विद्यालय का 11 बजे निरीक्षण किया, तो विद्यालय के मुख्य गेट में तालाबंद था.
घंटों बीडीओ गेट पर खड़े रहे. धीरे-धीरे शिक्षक विद्यालय पहुंचे, फिर भी विद्यालय की पांच शिक्षिकाएं अनुपस्थित मिलीं. बीडीओ ने अनुपस्थित शिक्षिका कुमारी रजनी, कुमारी नीलम, कुमारी मंजू, कंचन कुमारी एवं नीलम कुमारी के विरुद्ध जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना को सख्त कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है.
पत्र में बीडीओ ने बताया है कि विद्यालय में पढ़ाई का स्तर काफी निम्न है. गंदगी काफी है एवं स्थानीय जनता में काफी रोष है. विद्यालय के बच्चों से पूछने पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया. इससे स्पष्ट होता है कि विद्यालय में शैक्षणिक माहौल नहीं है. शिक्षक अपने दायित्वों का सही से निर्वहन नहीं कर रहे हैं.
उन्होंने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी से अनुपस्थित शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई करने की अनुशंसा की है तथा प्रभारी प्रधानाध्यापक पर भी बच्चों के मौलिक अधिकार का हनन, कार्य में लापरवाही एवं उदासीनता के मद्देनजर नियमानुकुल उचित कार्रवाई करने की शिफारिश की है. बीडीओ श्री यादव ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत थी कि विद्यालय समय से नहीं खुलता है और विद्यालय में काफी अनियमितता है.
